आगरा। थाना एत्माद्दौला की हवालात में दुष्कर्म के आरोपी ने फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने रामबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि थाना एत्मादद्दौला क्षेत्र निवासी किशोरी से दुष्कर्म मामले में मोती महल निवासी धर्मेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे सोमवार को हवालात में रखा था। बताया जा रहा है कि पुलिस दोपहर में अन्य आरोपियों को हवालात से ले गई। इसके बाद वह हवालात में अकेला ही रह गया। उसने गद्दे के कपड़े से हवालात के गेट से फंदा बनाया और उस पर लटक गया।
निजी अस्पताल में भर्ती कराया
इसी दौरान एक पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ी। ये देखकर हड़कंप मच गया। सिपाही ने शोर मचा दिया। तब अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे फंदे से उतारा। उसे रामबाग के एक निजी अस्पताल में ले गए।
हालत गंभीर, अधिकारी मौके पर
उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वह वेंटीलेंटर पर है। घटना की जानकारी पर एसपी सिटी विकास कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।