आगरा (पिनाहट): ताजनगरी के थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव सावलदास का पुरा में सोमवार को कार का हॉर्न बजाने जैसा मामूली विवाद एक खौफनाक हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। दबंगई, लाठी-डंडों, भीषण पथराव और कथित फायरिंग ने पूरे गांव को दहला दिया। विवाद इतना बढ़ा कि एक घर को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे हजारों का सामान जलकर राख हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक छतों से पत्थर बरसाते और पुलिसकर्मी आग बुझाते नजर आ रहे हैं।
हॉर्न का शोर और खूनी संघर्ष
जानकारी के मुताबिक, विवाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज गति से चलाने और लगातार हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ आमने-सामने आ गए। मारपीट में एक पक्ष के अजब सिंह और उनकी मां अंगूरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच एक घर में आग लगा दी गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
लूटपाट और फायरिंग के संगीन आरोप
धौलपुर (राजस्थान) के ग्राम छीतापुरा निवासी कन्हैया ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी चाची को लेने गांव आया था, तब दबंगों ने उसकी कार का डैशबोर्ड खोलकर एक लाख रुपये निकाल लिए और सोने की जंजीर लूट ली। कन्हैया के मुताबिक, हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के लिए चार राउंड फायरिंग की।
वहीं, दूसरे पक्ष की मछला देवी ने भी जवाबी आरोप लगाते हुए कहा कि कन्हैया अपने साथ 10-12 लोगों को लेकर आया और धारदार हथियारों से हमला किया। मछला देवी का दावा है कि हमलावर उनके घर से पांच लाख रुपये की नकदी, मंगलसूत्र और कुंडल लूट ले गए और उनके घर में आग लगा दी। इस हमले में मछला देवी और उनकी सास रामवती घायल हुई हैं।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो चलाने और हॉर्न बजाने को लेकर हुई इस मारपीट की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
रिपोर्टर: नीरज परिहार

