ताजमहल बना ‘डांस फ्लोर’: मोहब्बत की निशानी के साये में पर्यटकों ने लगाए ठुमके, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

स्थानीय समाचार

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शुमार और मोहब्बत की बेमिसाल निशानी ताजमहल का दीदार करने आने वाले पर्यटकों के लिए अब यह स्मारक सिर्फ निहारने की वस्तु नहीं, बल्कि एक ‘परफॉर्मेंस स्टेज’ बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और लाइक्स की चाहत में पर्यटक अब ताजमहल परिसर के अंदर डांस करने और रील बनाने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।

विदेशी और भारतीय पर्यटकों की जुगलबंदी

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक ताजा वीडियो में देखा जा सकता है कि ताजमहल के मुख्य परिसर में एक पर्यटक धुन पर थिरक रहा है। दिलचस्प बात यह है कि उसके पास खड़ी एक अन्य महिला पर्यटक भी उसके स्टेप्स से स्टेप्स मिलाते हुए डांस करने लगती है। दोनों की यह जुगलबंदी कैमरे में कैद होती है और देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो जाती है।

फॉलोअर्स की होड़ में टूट रहे नियम!

ताजमहल की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ (CISF) के पास है और परिसर के अंदर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार या बिना अनुमति व्यावसायिक वीडियो शूट प्रतिबंधित है। बावजूद इसके, पर्यटक छिप-छिपाकर मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सब्सक्राइबर बढ़ाने के चक्कर में लोग ऐतिहासिक स्मारकों की गरिमा को दरकिनार कर रहे हैं।

​सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और सुरक्षा एजेंसियों पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच पर्यटक खुलेआम डांस और वीडियो शूटिंग कैसे कर पा रहे हैं? फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है, जहाँ कुछ लोग इसे ‘एंजॉयमेंट’ बता रहे हैं, तो कुछ इसे ऐतिहासिक धरोहर का अपमान मान रहे हैं।