आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फतेह सिंह की पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने डीजल से भरे टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा हजारों लीटर डीजल सड़क पर बहने लगा। ज्वलनशील पदार्थ के इस तरह सड़क पर फैलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और आग लगने का गंभीर खतरा पैदा हो गया। हैरानी की बात यह रही कि इस बीच मौके पर पहुंचे कुछ लोग बाल्टी, कैन और डिब्बे लेकर सड़क पर बह रहा डीजल भरने लगे।
रसूलाबाद जा रहा था तेल से भरा टैंकर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह टैंकर एत्मादपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से पेट्रोल और डीजल भरकर फिरोजाबाद के रसूलाबाद की ओर जा रहा था। टैंकर के परिचालक (क्लीनर) शिवदत्त ने बताया कि टैंकर दो चैंबर का था, जिसमें करीब 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे जब टैंकर फतेह सिंह की पुलिया के पास पहुंचा, तो फिरोजाबाद की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उसमें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उससे डीजल का रिसाव शुरू हो गया।
बर्तन लेकर डीजल लूटने पहुंचे लोग
टैंकर से तेल बहने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर बहते डीजल को देखकर कई लोग अपने घरों से बाल्टी, कैन, डिब्बे और पतीले लेकर पहुंच गए और सड़क पर फैले ईंधन को इकट्ठा करने लगे। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोग जान जोखिम में डालकर तेल भरते नजर आ रहे हैं। हाईवे पर पेट्रोल-डीजल फैलने और वाहनों की आवाजाही के बीच किसी भी चिंगारी से बड़ा विस्फोट होने की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने संभाली स्थिति, क्रेन से हटाया टैंकर
सूचना मिलते ही एत्मादपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले जान जोखिम में डालकर तेल भर रहे लोगों को वहां से खदेड़ा और टैंकर से दूर किया। इसके बाद हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया गया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा और जाम के हालात बन गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क के बीच से हटवाया और सुरक्षा के एहतियाती कदम उठाते हुए स्थिति को संभाला।
लाखों के नुकसान का अनुमान
टैंकर परिचालक के अनुसार, इस दुर्घटना में लगभग 3 से 4 लाख रुपये के ईंधन का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस भीषण टक्कर और ईंधन रिसाव के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर और टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
