जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर टालमटोल नहीं होगी बर्दाश्त: आगरा के सर्किट हाउस में विधान परिषद की याचिका समिति ने खंगाली विभागों की प्रगति रिपोर्ट

स्थानीय समाचार

आगरा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के सभापति अशोक कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को नवीन सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, आश्वासनों और जनहित के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभापति महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सदन में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समिति का भव्य स्वागत और कार्यवाही

बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभापति अशोक कुमार अग्रवाल और समिति के सदस्यगण—श्री उमेश द्विवेदी, श्री ऋषिपाल सिंह, श्री मुकुल यादव, श्रीमती रमा निरंजन, श्री विजय शिवहरे और श्री आकाश अग्रवाल—का पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात, सदन में आगरा से संबंधित पूछे गए प्रश्नों और आश्वासन समिति को संदर्भित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई।

लंबित प्रकरणों पर जवाब-तलब

सभापति महोदय ने जिला पंचायत (08 प्रकरण), पंचायती राज विभाग (09), पीडब्ल्यूडी (08), नगर निगम (14) और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (02) के लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि “जनप्रतिनिधि गांव, गरीब और आमजन से जुड़े मुद्दे सदन में रखते हैं, अतः उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

बैठक के दौरान सभापति जी ने विकास कार्यों के टेंडर, वर्क-ऑर्डर, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि तथा लागत की सूक्ष्म जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि ​जो कार्य अभी तक स्वीकृत नहीं हुए हैं, उन्हें आगामी जिला पंचायत बोर्ड बैठक और पीडब्ल्यूडी की वार्षिक कार्य योजना में शामिल किया जाए। ​अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए।​सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभापति महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों और सुझावों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि याचिका समिति के समक्ष आए सभी प्रकरणों पर गंभीरता से कार्यवाही कर समयबद्ध आख्या प्रेषित की जाएगी।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्रीमती प्रतिभा सिंह, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, डीएफओ राजेश कुमार, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और सभी खंड विकास अधिकारी (BDO) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।