बदायूं में गूँजा महाराणा प्रताप का जयघोष: ‘अंतर्राष्ट्रीय शौर्य दिवस’ पर हल्दीघाटी की माटी से हुआ तिलक

विविध

बदायूं: राष्ट्र नायक और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती जनपद में ‘अंतर्राष्ट्रीय शौर्य दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाई गई। महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट एवं क्षत्रिय महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह ने सर्व समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। कार्यक्रम के दौरान न केवल शौर्य का प्रदर्शन हुआ, बल्कि समाज के आर्थिक और शैक्षिक उन्नयन के लिए सरकार से कल्याणकारी योजनाओं की मांग भी उठाई गई।

​पुष्पवर्षा और शोभायात्रा से गूँजा शहर

कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्पों से सुसज्जित महाराणा प्रताप चौक पर माल्यार्पण के साथ हुआ। विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह सहित तमाम जन प्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात शहर में डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गर्मी को देखते हुए जगह-जगह लस्सी और ठंडे पानी का वितरण कर जनसेवा की मिसाल पेश की गई।

​हल्दीघाटी की माटी से तिलक और प्रतिभा सम्मान

स्काउट भवन में आयोजित मुख्य समारोह का माहौल उस समय भावुक और गौरवान्वित हो गया, जब उपस्थित जनसमूह को हल्दीघाटी की पवित्र माटी से तिलक लगाया गया। इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित किया गया जिसमे भामाशाह सम्मान 2026 से ध्रुव देव गुप्ता को व हाकिम खां सूरी सम्मान 2026 से जहीर अहमद को सम्मानित किया गया।

​महाराणा प्रताप किसी एक जाति के नहीं, पूरे राष्ट्र के: डॉ. वीर विक्रम सिंह

मुख्य अतिथि कटरा विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने सर्व समाज को साथ लेकर देश की अखंडता के लिए संघर्ष किया, उन्हें किसी एक सीमा में नहीं बांधा जा सकता। पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि आज देश को प्रताप की परंपरा पर चलने वाला नेतृत्व मिला है। ब्लॉक प्रमुख गुड्डो देवी ने प्रताप को प्रकृति प्रेमी और एक महान कलाकार बताया, जिन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया पर विदेशी गुलामी नहीं।

​महत्वपूर्ण मांगें और संकल्प

ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि महाराणा प्रताप भारत माता के सच्चे सपूत थे। इस अवसर पर समाज ने एकजुट होकर भारत सरकार से 9 मई को आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय शौर्य दिवस घोषित करने की मांग की। साथ ही, क्षत्रिय समाज के निरंतर पिछड़ रहे तबके के लिए राज्य व केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक और शैक्षिक पैकेज की अपील की गई।

​इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में जिला संयोजक मुनीश कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, सचिव दिनेश सिंह, धनपाल सिंह, राजेंद्र सिंह तोमर सहित क्षत्रिय महासभा की विभिन्न इकाइयों (युवा, महिला, सैनिक, अधिवक्ता और शिक्षक सभा) के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला संगठन मंत्री भूराज सिंह ने किया और अंत में जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।