आगरा में गैस माफिया का भंडाफोड़: धनौली के निजी घर में छिपाए थे 30 सिलेंडर, ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के थाना मलपुरा अंतर्गत धनौली क्षेत्र में इंडेन गैस सिलेंडरों की अवैध डंपिंग और कालाबाजारी का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक निजी आवास को अवैध गोदाम बनाकर गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था, जिसे स्थानीय निवासियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस खुलासे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और गैस एजेंसी के कर्मचारियों व मकान मालिक के बीच सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाए।

निजी घर में ‘सिलेंडर का खेल’: रंगे हाथों हुई पकड़ा धकडी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक लोडर वाहन से उतारकर करीब 30 से अधिक गैस सिलेंडर चुपचाप एक निजी मकान के भीतर रखे जा रहे थे। संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने मौके पर धावा बोल दिया। विरोध बढ़ता देख सिलेंडर उतार रहे लोग सकपका गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहाँ एक ओर आम उपभोक्ता गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मिलीभगत कर सिलेंडरों को ब्लैक में बेचने के लिए यहाँ डंप किया जा रहा था।

​2 से 3 किलो गैस चोरी का आरोप: उपभोक्ताओं की जेब पर डाका

हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने एक और चौंकाने वाला दावा किया। उनका कहना है कि इन सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से 2 से 3 किलो तक गैस कम भरी जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस चोरी और कालाबाजारी के इस दोहरे खेल से आम जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। लोगों ने मौके से गैस एजेंसी के 6 सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचित कर दिया।

​पुलिस की दस्तक: जांच के घेरे में गैस एजेंसी और मकान मालिक

मामले की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस बल मौके पर पहुँचा और उत्तेजित भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने अवैध रूप से रखे गए सिलेंडरों को अपने संरक्षण में ले लिया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

सख्त कार्रवाई की उठी मांग

क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग से मांग की है कि इस अवैध धंधे में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे रिहायशी इलाकों में अवैध भंडारण कर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा भी बना रहता है। फिलहाल, पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।