आगरा: 12 वर्षीय किशोर को चंबल नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

स्थानीय समाचार

आगरा जनपद के चंबल नदी पिनाहट उसेथ घाट पर नदी से पानी भरने गए 12 वर्षीय किशोर पर मगरमच्छ हमलाकर चंबल नदी में खींच ले गया, एकत्रित ग्रामीणों ने किशोर को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ाया तब तक किशोर की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार अनिल पुत्र छोटेलाल उम्र करीब 12 वर्ष निवासी गांव उसैथ थाना महुआ जिला मुरैना मध्य प्रदेश गांव में रविवार की शाम आंधी के कारण विद्युत पोल टूटने से बिजली आने पर सोमवार को पेयजल समस्या होने के चलते करीब 10:30 बजे अपने गांव के ही अन्य साथी किशोर के साथ गांव से करीब एक किमी दूर चंबल नदी उसैथ घाट पर पानी भरने के लिए गया था। बताया गया है कि तभी चंबल नदी किनारे मध्य प्रदेश की सीमा में नदी से पानी भर ही रहा था कि अचानक एक विशाल मगरमच्छ ने किशोर पर जानलेवा हमला कर दिया। जिस पर किशोर ने अपनी जान बचाकर भागना चाहा लेकिन मगरमच्छ ने अपना जबड़ा फाड़ कर किशोर को चंबल नदी में खींच कर ले गया और इधर उधर पानी में घूमने लगा।

तभी दूसरे किशोर ने घटना को लेकर चीखना चिल्लाना शुरू किया और ग्रामीणों को बताया जिस पर गांव से परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में लाठी-डंडे लेकर चंबल नदी किनारे पहुंचे एकत्रित सभी लोगों ने लाठी-डंडे पत्थर फेंककर किशोर को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ाया जिस पर मगरमच्छ किशोर को छोड़कर पानी में भाग गया। तत्काल परिजनों और ग्रामीणों ने देखा तब तक किशोर की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर महुआ थाना पुलिस एवं चंबल सेंचुरी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही वन विभाग की टीम भी मगरमच्छ द्वारा किए गए हमले के बारे में जानकारी जुटा रही है। आपको बता दें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश क्षेत्र में चंबल सेंचुरी एरिया मगरमच्छ और घड़ियालों के लिए संरक्षित है। किशोर के साथ हुई घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।