भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में उमड़ा जनसमूह, जय श्रीराम के जयकारो से गुंजायमान हुआ आगरा

स्थानीय समाचार

आगरा : रामनवमी पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी के प्रकट उत्सव पर हिंदू युवा वाहिनी और विश्व हिंदू महासंघ की ओर से राजा की मंडी स्थित दरिया नाथमंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा केबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और महंत दीदारनाथ ने भगवान श्रीराम, हनुमानजी और गणेशजी के स्वरूपों की आरती उतार कर किया।

शाम 5 बजे शुरू हुई शोभायात्रा दरियानाथ मंदिर से भगवान श्रीराम स्वरूपों की शोभायात्रा निकाली गई। डीजे, ढोल नगाड़ा की धुन पर निकलती शोभायात्रा में सबसे आगे विघ्नहरण गणेश जी की बाल स्वरूप की झांकी उसके बाद खाटूश्यामजी, पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र व हनुमान जी के बाल स्वरूप की झांकी रही। भक्तिगीतों पर झूमते नाचते हुए भक्तों ने जय श्री राम, भारत माता की जय, वंदेमातरम, हर हर महादेव आदि के जयकारो से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर के प्रमुख मंदिरों के महंत, साधु-संतों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी शोभायात्रा में पहुँच भागेदारी की। इस दौरान पारस्परिक प्रेम और सद्भाव की मिसाल भी देखी गई।

महानगर अध्यक्ष तरुण सिंह ने बताया कि शोभायात्रा राजा मंडी से प्रारंभ होकर एमजी रोड, नालबंद, पंचकुइयां, बल्का बस्ती, गोकुलपुरा होते हुए राजा की मंडी के दरियानाथ मंदिर पर ही समाप्त हुई | शोभायात्रा का शहर भर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में मीठी शरबत और प्रसाद का वितरण भी किया गया। वहीं, पुलिस एवं प्रशासन भी मुस्तैद रहा। शोभायात्रा में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज लेकर जयश्री राम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री पियूष श्रीवास्तव, संभाग प्रभारी सम्पूर्णानन्द गुप्ता, सुरेश चंद्र शर्मा, दानवीर परमार, गणेश भारद्वाज, अनंत उपाध्याय, टीएन अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नितेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

रिपोर्टर- शीतल सिंह