आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा खंड शिक्षक और स्नातक विधान परिषद (MLC) निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। प्रत्याशियों के नामांकन से ठीक पहले प्रतापपुरा स्थित एक मैरिज होम में आयोजित विशाल कार्यक्रम में आगरा खंड के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के भाजपा पदाधिकारी, सांसद, विधायक और भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। इस महत्वपूर्ण सभा को संबोधित करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में दोनों प्रत्याशियों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान शहर की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का लंबा काफिला और जुलूस नजर आया।
“मेरी मान-प्रतिष्ठा भी इस चुनाव से जुड़ी है”
प्रतापपुरा के खचाखच भरे मैरिज होम हॉल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह चुनाव पार्टी संगठन के लिए बेहद अहम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा ने देश और प्रदेश में लगातार सफलता हासिल की है, उसके पीछे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत है। उन्होंने कहा, “मेरे प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला चुनाव होने जा रहा है, इसलिए इस चुनाव में मेरी मान-प्रतिष्ठा भी लगी हुई है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्नातक सीट के साथ-साथ शिक्षक सीट पर भी पार्टी को जीत दिलाने के लिए घर-घर संपर्क करें और पूरी ताकत से जुट जाएं।
सपा पर साधा निशाना, 2027 में सरकार का किया दावा
प्रेसवार्ता के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया। अखिलेश के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “मुंगेरीलाल के सपने तो कोई भी देख सकता है।” उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।
मैदान में उतरे भाजपा के दोनों उम्मीदवार
मूल रूप से इटावा के रहने वाले हरि किशोर तिवारी लोक निर्माण विभाग (PWD) से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। वे राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 2020 में वे निर्दलीय चुनाव लड़कर तीसरे स्थान पर रहे थे, जिसके बाद 2024 में वे भाजपा में शामिल हुए। अब पार्टी ने उन्हें शिक्षक सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
अलीगढ़ के रहने वाले मानवेंद्र प्रताप सिंह वर्ष 2020 में इसी सीट से भाजपा के टिकट पर भारी मतों से विजयी हुए थे। पार्टी ने एक बार फिर उनके पुराने अनुभवों और सांगठनिक पकड़ पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा मैदान में उतारा है।
नामांकन के दौरान दिखा भव्य शक्ति प्रदर्शन
सभा के बाद भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में एक विशाल जुलूस निकाला गया। करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों प्रत्याशियों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने यह संदेश दे दिया है कि वह इस चुनाव को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों का बड़ा केंद्र मानकर चल रही है।
