हापुड़: जनपद के धौलाना क्षेत्र के देहरा गांव में शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही बाइक रैली के दौरान दो पक्षों के बीच भीषण हिंसक संघर्ष हो गया। एक दुकान पर गुटखा लेने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में साम्प्रदायिक तनाव और पथराव का रूप ले लिया। उपद्रवियों ने न केवल वाहनों में तोड़फोड़ की, बल्कि एक युवक को छत से नीचे गिराकर बेरहमी से पीटा। स्थिति बिगड़ती देख एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह (केजी सिंह) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और उपद्रवियों को खदेड़कर नियंत्रण पाया।
दुकानदार से बहस और फिर तांडव
घटना दोपहर उस समय हुई जब सिरोधन गांव से करीब 500 युवाओं का जत्था 100 बाइकों और कारों के साथ रैली निकाल रहा था। रैली जब देहरा गांव के बाजार में पहुँची और युवक महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे, तभी एक युवक दुकान पर गुटखा खरीदने गया। वहां दुकानदार जाहिद के साथ उसकी तीखी बहस हो गई, जिसने देखते ही देखते बड़े झगड़े का रूप ले लिया।
युवक को छत से फेंका, आधा दर्जन घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे बाजार में दहशत फैल गई। इस दौरान उपद्रवियों ने एक युवक को दौड़ाकर छत से नीचे गिरा दिया और उसे बुरी तरह पीटा। उपद्रवियों ने रैली में शामिल 4-5 कारों के शीशे भी चकनाचूर कर दिए। इस बवाल में रोहित, अनुराग, मन्नू और सुहेल सहित लगभग 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें धौलाना सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की सख्ती और गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी केजी सिंह ने कई थानों की फोर्स के साथ इलाके में फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना में शामिल 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में एहतियातन भारी पीएसी और पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

