आगरा में लेंसकार्ट आउटलेट पर भारी बवाल: तिलक-कलावा विवाद में हिंदूवादी संगठनों का सड़क पर प्रदर्शन

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के शाहगंज क्षेत्र स्थित मानस नगर में मंगलवार को उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब लेंसकार्ट (Lenskart) के आउटलेट पर हिंदूवादी संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विवाद की जड़ कंपनी की वह कथित पुरानी पॉलिसी थी, जिसमें कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोका गया था। हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँच गया और आउटलेट को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

​सड़क पर उतरा गुस्सा, पोस्टरों पर चले जूते

हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता कंपनी के व्यवहार से बेहद आक्रोशित दिखे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आउटलेट के भीतर घुसकर कर्मचारियों को जबरन तिलक और कलावा पहनाने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने लेंसकार्ट के पोस्टर नीचे गिरा दिए और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए उन पर जूते मारे। करीब आधे घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान राहगीरों और ग्राहकों से कंपनी का बहिष्कार करने की अपील भी की गई।

​पुलिस की सख्ती और हाउस अरेस्ट

प्रदर्शनकारियों में अखिल भारत हिंदू महासभा के विशाल कुमार, सौरभ शर्मा और नितेश भारद्वाज समेत कई प्रमुख नाम शामिल थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। एहतियात के तौर पर आउटलेट के बाहर पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है।

गौरतलब है कि इस प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौड़ को थाना ताजगंज क्षेत्र में उनके आवास पर ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) कर दिया था।

बैकफुट पर आई लेंसकार्ट, जारी की नई गाइडलाइन

दरअसल, यह पूरा विवाद करीब एक महीने पहले शुरू हुआ था जब लेंसकार्ट ने एक नई ड्रेस कोड पॉलिसी जारी की थी। इसमें बिंदी, तिलक और कलावा जैसे धार्मिक प्रतीकों पर रोक लगाने की बात कही गई थी, जिसका देशभर में कड़ा विरोध हुआ। चौतरफा दबाव के बाद कंपनी अब बैकफुट पर आ गई है।

लेंसकार्ट द्वारा जारी की गई ताजा गाइडलाइन के मुताबिक, अब प्रोफेशनल माहौल के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का भी पूरा सम्मान किया जाएगा।

नई पॉलिसी के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:

धार्मिक चिन्ह: अब कर्मचारी कार्यस्थल पर तिलक, बिंदी, सिंदूर और कलावा पूरी तरह से धारण कर सकते हैं।

​आभूषण व अन्य: मंगलसूत्र, कड़ा, चूड़ियां, अंगूठी और चेन पहनने की भी अनुमति दे दी गई है।

​सिर के वस्त्र: पगड़ी और हिजाब जैसे वस्त्र भी मान्य होंगे, बशर्ते वे साफ-सुथरे हों।

ड्रेस कोड: कर्मचारियों को अब कंपनी की टी-शर्ट के साथ गहरे नीले रंग की जींस और बंद जूते पहनने की सलाह दी गई है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह अपने प्रोफेशनल वातावरण में सभी कर्मचारियों के साथ बराबरी का व्यवहार और उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करेगी।