आगरा: सिंगल यूज़ प्लास्टिक पुतले की निकाली अर्थी, ताजमहल के पीछे चलाया गया सफाई अभियान

स्थानीय समाचार

आगरा: सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की दिशा में चलाए जा रहे ‘वृहद जन-जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत नगर निगम आगरा द्वारा ताज़महल के पार्श्व में दशहरा घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में शामिल हुए मेयर नवीन जैन, नगर आयुक्त निखिल टीकाराम सहित निगम अधिकारियों, पार्षदों और पर्यावरण प्रहरियों ने यमुना नदी के किनारे से प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर सफाई अभियान में अपना योगदान दिया।

इस दौरान प्लास्टिक कचरे को पुतले का रूप देकर उसकी अर्थी निकाली गई और शहर को यह संदेश देने का काम किया कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए हम सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।

हर शहरवासी ले संकल्प

इस अभियान के बाद दशहरा घाट पर ही संबोधन कार्यक्रम हुआ जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अपनी बात रखते हुए महापौर नवीन जैन ने सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुक़सान के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक न सिर्फ हमारे शरीर के लिए बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी नुकसान देह है। यदि हमें आगरा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर बनाना है तो प्रत्येक शहर वासियों को स्वयं यह संकल्प लेना होगा कि वह प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

यमुना नदी में सफाई करते मेयर नवीन जैन, नगर आयुक्त व अन्य पार्षदगण

हस्ताक्षर अभियान चलाया

इस कार्यक्रम के बाद एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिसमें कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने हस्ताक्षर कर यह संकल्प लिया कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे। वहीं महापौर नवीन जैन ने सभी को प्लास्टिक का प्रयोग न करने और स्वच्छता की शपथ दिलाई।

 

इनकी रही मौजूदगी

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र यादव, पर्यावरण अभियंता विश्वनाथ शर्मा, इस अभियान की ब्रांड अंबेसडर के रूप में नीलम सिरसा, अंजू दियालानी, मनिंदर कौर, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, भाजपा नेता मनोज शर्मा, पार्षद जगदीश पचौरी, पार्षद जगमोहन, पार्षद भवतोष चौधरी, पार्षद बबलू लोधी आदि मौजूद रहे।