आगरा का चर्चित बिल्डर गोलीकांड: इलाज के दौरान कारोबारी राजीव गुप्ता की मौत, मिठाई व्यवसायी ने मारी थी गोली

Crime

आगरा। पिछले 2 सप्ताह से एक निजी हॉस्पिटल में चल रहे इलाज के दौरान बिल्डर राजीव गुप्ता ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आपको बताते चलें कि बिल्डर राजीव गुप्ता को लगभग 2 हफ्ते पहले बोदला स्थित टीएसआर मॉल में गोली मारी गई थी और उन्हें गंभीर अवस्था में निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।

घटना 14 जुलाई की है। न्यू शाहगंज कालोनी निवासी बिल्डर राजीव गुप्ता को उनके माल टीएसआर स्थित कार्यालय में साझीदार मिठाई व्यवसायी अशोक तोमर ने ही गोली मार दी थी। राजीव गुप्ता, अशोक तोमर और शमसुद्दीन ने साझीदारी में आवास विकास कालोनी सेक्टर एक में मॉल का निर्माण करा रहे थे। राजीव गुप्ता का साझीदार अशोक तोमर से करीब एक वर्ष से लेनदेन का विवाद चल रहा था और यही विवाद राजीव गुप्ता की मौत का कारण बन गया।

जानकारी के मुताबिक गुुरुवार की सुबह नौ बजे डाक्टराें ने बताया कि राजीव के मस्तिष्क ने काम करना बंद कर दिया है। दोपहर 11:30 बजे डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में आरोपी साझीदार अशोक तोमर जेल में बंद है। परिजनों ने आरोप लगाया था कि हाल ही में आरोपी के घर वालों ने समझौते का दबाव बनाया था। उन्हें धमकी भी दी थी। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था।

थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडे का कहना है कि जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है। इसमें अब हत्या की धारा की वृद्धि की जाएगी। एक आरोपी और नामजद है। उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।