आगरा: ताजगंज में अवैध निर्माण पर चला जिला प्रशासन का बुलडोजर

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजगंज थाना क्षेत्र के तांगा स्टैंड के पास बिना अनुमति के हो रहे नए अवैध निर्माण पर जिला प्रशासन का महाबली खूब गरजा। महाबली ने अवैध निर्माणों को ढहाया तो वहीं अधिकारियों ने भवन और शॉप स्वामियों को बिना अनुमति के नए निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी। जिला प्रशासन का महाबली जैसे ही गरजा और अवैध निर्माणों को तोड़ना शुरू हुआ। चारों ओर हड़कंप की स्थिति बन गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

ताज के 500 मीटर परिधि में कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन की यह कार्रवाई ताजमहल के 500 मीटर की परिधि में हो रहे नए अवैध निर्माणों को लेकर की गई थी। एएसआई विभाग द्वारा जिला प्रशासन को लगातार अवगत कराया जा रहा था कि बिना अनुमति के ताजमहल के आसपास अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और शुक्रवार को महाबली को साथ लेकर पहुंचे। तांगा स्टैंड और उसके आसपास के क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।

भारी संख्या में पुलिस बल रहा मौजूद

अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के दौरान किसी तरह की स्थिति न बिगड़े इसके लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान आवागमन को भी पूरी तरह से रोक दिया गया था। साथ ही क्षेत्रीय लोगों को भी सचेत कर दिया गया था।