फिरोजाबाद/शिकोहाबाद: जिले के नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित छंटनपुरा गांव में रविवार की रात खुशियां और भक्ति का माहौल एक ही क्षण में चीत्कार और असहनीय दर्द में तब्दील हो गया। गांव की महिलाएं व बच्चे टेसू-झांझी की शादी के पारंपरिक मंगलगीत गाते हुए विसर्जन यात्रा के लिए निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उत्सवी भीड़ को बेरहमी से रौंद दिया। इस वीभत्स और भीषण सड़क हादसे में तीन सगी बहनों समेत कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घेरा तो बौखलाए कार सवारों ने दोबारा चढ़ाई गाड़ी
हादसे में घायल चंद्रवीर के अनुसार, कार सवार बटेश्वर की ओर से आ रहे थे। उन्होंने पहले सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारी और भागने की कोशिश की। जब ग्रामीणों ने संदिग्ध कार को रोकने के लिए सड़क पर ट्रैक्टर लगाकर घेराबंदी करने का प्रयास किया, तो बौखलाहट में कार चालक ने भागने की फिराक में दोबारा भीड़ पर गाड़ी दौड़ा दी। इस खूनी खेल के कारण मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कार में सवार लोग भी नशे की हालत में बताए जा रहे हैं और उनकी कार से शराब की बोतलें मिलने की बात सामने आई है।
तीन सगी बहनों की मौत, घायलों का इलाज जारी
इस भीषण हादसे में एक ही परिवार की तीन सगी बहनों—आकांक्षा (16), अंजली (13) और गुन्नू (10) पुत्रीगण शिशुपाल के अलावा दीपिका उर्फ बबली (19) तथा हरीश कुमार (23) पुत्र गंभीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसों में घायल हुए करीब 12 ग्रामीणों को पुलिस की मदद से तत्काल जिला संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए उसमें सवार दिल्ली के वजीरपुर निवासी अकील, इरफान और गुरफान की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे भी घायल हो गए। पुलिस ने कार सवारों को भी हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
शव उठाने पर भड़के ग्रामीण, डीएम-एसएसपी ने शांत कराया मामला
हादसे के बाद रात सवा दस बजे जब पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तो ग्रामीण भड़क गए और पुलिस की देरी से पहुंचने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे, एसपी देहात अनुज चौधरी, एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
मौके पर पहुंचकर सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
जांच के आदेश, पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक सहायता
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि छंटनपुरा गांव में हुआ हादसा बेहद दुखद है। इसमें 5 लोगों की मृत्यु हुई है और सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना की गहनता से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शासन स्तर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की तत्काल पहल की जा रही है।
