आगरा: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों को गति देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को ताजनगरी आगरा में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। फतेहाबाद रोड स्थित लग्जरी होटल आईटीसी मुगल में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश के 5 प्रमुख मंडलों के अंतर्गत आने वाले 21 जिलों की चुनावी तैयारियों का लेखा-जोखा तैयार किया जाएगा।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे बैठक की अध्यक्षता
इस व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे। उनके साथ राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, ईवीएम-वीवीपैट मशीनों के प्रबंधन, चुनावी कार्मिकों के प्रशिक्षण और राज्य में कानून-व्यवस्था की पुख्ता तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
5 मंडलों के 21 जिलों के अधिकारी करेंगे प्रेजेंटेशन
निर्वाचन आयोग की इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में आगरा, कानपुर, बरेली, झांसी और चित्रकूट मंडल के सभी संबंधित जिलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त (Commissioner), आईजी, डीआईजी, जिला निर्वाचन अधिकारी (DM) और एसएसपी/एसपी शामिल हो रहे हैं।
ये सभी अधिकारी पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से अपने-अपने जिलों में अब तक पूरी की गई तैयारियों और आगामी चुनावी कार्ययोजना का ब्योरा आयोग के सामने रखेंगे। आयोग यह देखेगा कि चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले प्रशासनिक और मैदानी स्तर पर सुरक्षा व लॉजिस्टिक की क्या स्थिति है।
समीक्षा बैठक में शामिल होने वाले 21 जिले:
आगरा मंडल: आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी
कानपुर मंडल: कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज
बरेली मंडल: बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर
झांसी मंडल: झांसी, ललितपुर, जालौन
चित्रकूट मंडल: बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा
मतदाता सूची की शुद्धता और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा खास जोर
बैठक के एजेंडे के अनुसार, मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने (ASDD प्रक्रिया) की प्रगति की बारीकी से जांच होगी। इसके अलावा, मतदान के दिन मतदाताओं को बूथों पर बेहतर सुविधाएं मिलने, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
इस हाई-प्रोकॉइल बैठक के आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष बंसल ने होटल आईटीसी मुगल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने सुरक्षा, सिटिंग अरेंजमेंट और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए थे।
निर्वाचन आयोग की यह समीक्षा बैठक 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक मशीनरी की कसावट और कमियों को दूर करने की दिशा में बेहद अहम मानी जा रही है।


