आगरा: ताजनगरी में आगामी जनगणना-2027 को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। बुधवार को ताज प्रेस क्लब परिसर में जिला प्रशासन एवं प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष ‘मीडिया-डे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों और उनके परिजनों ने आधिकारिक डिजिटल पोर्टल पर अपने परिवार का ब्योरा स्वयं दर्ज करते हुए स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही पत्रकारों ने आम जनता को भी इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान से जोड़ने और समय रहते ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
16 से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध है स्व-गणना की सुविधा
आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला जनगणना अधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने पत्रकारों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की रूपरेखा पेश की।
एडीएम संदीप कुमार वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में नागरिकों की सुविधा के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना का विशेष पोर्टल खुला रहेगा। इस अवधि के बाद, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच अधिकृत प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर भौतिक रूप से जनगणना का कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने आगरा जनपद के सभी निवासियों से 30 नवंबर से पहले अपनी स्व-गणना पूरी करने का आह्वान किया।
पोर्टल पर विवरण दर्ज करने का मिला प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर अजय कुमार शर्मा ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर लॉगिन करके बेहद आसान तरीके से अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकते हैं। इस दौरान उन्होंने आंकड़े दर्ज करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
मास्टर ट्रेनर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम स्थल पर ही पत्रकारों ने अपने परिजनों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर मौके पर ही स्व-गणना की प्रक्रिया संपन्न की।
नागरिकों का डेटा रहेगा 100% गोपनीय
अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने जनमानस की शंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना की प्रक्रिया के दौरान आम नागरिकों से एकत्र की जाने वाली सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह से सुरक्षित और गोपनीय रखी जाती हैं। इन आंकड़ों का इस्तेमाल केवल संवैधानिक, अधिकृत सांख्यिकीय और विकास योजनाओं को तैयार करने के लिए ही किया जाता है।
कार्यक्रम के आरंभ में ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने विचार रखते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों को स्वयं स्व-गणना में भाग लेकर मिसाल पेश करनी चाहिए और आम जनता के बीच जागरूकता फैलानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र शर्मा, वरिष्ठ लिपिक तुषार, सहायक चंदन, ताज प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान, सचिव पीयूष शर्मा, अनिल राना, कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायन शर्मा, फरहान खान, वीरेंद्र इमल, शीतल सिंह माया, राजेश दुबे, राजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।


