आगरा: समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने गत 15 नवंबर को शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित ऐतिहासिक दलित महासम्मेलन के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और कथित रूप से पैदा की गई बाधाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी और स्थानीय प्रशासन पर जमकर निशाना साधा है। फतेहाबाद रोड स्थित जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि इस विशाल आयोजन को विफल या प्रभावित करने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई थी।
“पोस्टर-बैनर फाड़े गए और आने वाले लोगों के रास्ते रोके गए”
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए शब्बीर अब्बास ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन पर आयोजित इस महासम्मेलन की तैयारियों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो महीने तक दिन-रात कड़ा परिश्रम किया था। सांसद रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में महानगर के प्रत्येक वार्ड, गली, चौराहे और दलित बस्तियों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लोगों को जोड़ने के लिए बाइक रैलियां और बैठकें की गई थीं, जिससे सम्मेलन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य तय किया गया था।
लेकिन, आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने आ रहे लोगों को जगह-जगह रास्तों में रोका गया और आवागमन में अनावश्यक परेशानियां खड़ी की गईं। पार्टी के पास ऐसे कई वीडियो और डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं, जो प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव में लोगों को रोकने की घटनाओं को बेनकाब करते हैं। इसके अलावा शहर में प्रचार के लिए लगाए गए पार्टी के हॉर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर भी कई स्थानों पर फाड़े गए। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि क्या लोकतांत्रिक देश में किसी राजनीतिक कार्यक्रम का शांतिपूर्ण प्रचार करना कोई अपराध है?
सुरक्षा व्यवस्था और शहर की सफाई पर उठाए सवाल
सपा महानगर अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा सर्वोच्च है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर ऐसी अराजक व्यवस्था नहीं होनी चाहिए जिससे कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़े।
इसके साथ ही उन्होंने आगरा की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक नगरी आगरा में इतने बड़े राज्यस्तरीय आयोजन के दौरान सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी का अंबार दिखना नगर प्रशासन और ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की पोल खोलता है। बाहर से आने वाले मेहमानों को स्वच्छ मार्ग और सुगम यातायात तक मयस्सर नहीं हो पाया।
”भाजपा नेता जनता के बुनियादी मुद्दों पर दें जवाब”
शब्बीर अब्बास ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे अनावश्यक बयानबाजी करने के बजाय देश और प्रदेश की जनता को महंगाई, विकराल बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, दलितों पर लगातार हो रहे अत्याचार और आरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीआईसी मैदान का यह महासम्मेलन दलित समाज के आत्मसम्मान, उनके संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी की एक बुलंद आवाज था, जिसे किसी भी षड्यंत्र से दबाया नहीं जा सकता।
अंत में उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता और अधिक मजबूत होगी। समाजवादी पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि अब जनता और वंचित समाज अपने सम्मान व हिस्सेदारी के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में तानाशाही ताकतों को अपने वोट की चोट से करारा जवाब देगा।


