आगरा: ग्रेटर नोएडा में हुए बस हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आगरा ट्रैफिक पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। DCP ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में फतेहाबाद और खंदौली टोल प्लाजा पर रोडवेज और स्लीपर बसों की चेकिंग की गई। यह कार्रवाई ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत की गई।
ड्राइवर-कंडक्टर को दिए सुरक्षा के निर्देश
अभियान के दौरान टीएसआई कपिल कुमार और अमित कुमार ने बसों को रोककर ड्राइवर और कंडक्टर से बातचीत की। पुलिस ने उन्हें यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।पुलिस की टीम ने खास तौर पर महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी ड्राइवर और कंडक्टर को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। यात्रियों के साथ बस स्टाफ के व्यवहार और उनकी सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया गया।
सिर्फ चेकिंग नहीं, यात्रियों की मदद भी
इस अभियान की खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी सिर्फ बसों की चेकिंग तक सीमित नहीं रहे। यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा और सुविधा के बारे में जानकारी ली गई।यात्रियों को पुलिस की ओर से पानी की बोतलें भी दी गईं। सफर के दौरान पुलिस का यह मानवीय अंदाज यात्रियों को भी पसंद आया। कई यात्रियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
ग्रेटर नोएडा हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे ने बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। ऐसे में आगरा ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।पुलिस का फोकस बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा, ड्राइवर-कंडक्टर की जिम्मेदारी और महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर है।
यात्रियों के बीच पुलिस का बदला अंदाज
टोल प्लाजा पर जब पुलिसकर्मी बसों की चेकिंग के साथ यात्रियों से बातचीत करते और उन्हें पानी की बोतल देते नजर आए तो पुलिस का यह अलग अंदाज देखकर लोग काफी खुश नज़र आये।
टोल प्लाजा पर पुलिस के इस बदले और चुस्त अंदाज से आम जनता में यह संदेश गया है कि प्रशासन यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा यह विशेष चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
रिपोर्ट :-सैय्यद शकील आगरा
