Agra News: पुराने मकान की खुदाई में बॉक्स में कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस व फारेंसिक टीम जांच में जुटी

Crime

आगरा। थाना अछनेरा में एक पुराने मकान की खुदाई में बॉक्स में कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। बॉक्स में नर मुंड और हड्डियां मिली है। इसके अलावा एक किताब भी मिली। बताया गया है कि ये कोठी एक डॉक्टर की थी। डॉक्टर कोठी बेचकर मथुरा शिफ्ट हो गए थे।

अछनेरा कस्बे में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश मित्तल की कोठी है। बताया गया है कि डॉ. नरेश मथुरा में प्रैक्टिस करते थे। दो साल पहले वो मथुरा शिफ्ट हो गए थ। कुछ समय पहले उनका निधन हो गया। कोठी को अछनेरा के पूर्व चेयरमैन अशोक अग्रवाल ने खरीद लिया था। अब वो कोठी को तुड़वाकर दोबारा निर्माण करवा रहे थे। सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे मजदूर कोठी में काम कर रहे थे। तभी एक अलमारी में एक बॉक्स निकला। इस बॉक्स में नर कंकाल और हड्डियां निकलीं। इससे मजदूर सहम गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने छानबीन की तो बॉक्स के साथ एमबीबीएस की एक किताब भी मिली। बॉक्स को खोलकर देखा तो हड्डियों पर उनके नाम लिखे थे। पुलिस ने फारेंसिक टीम को बुला लिया। सभी हड्डियों को फॉरेंसिक टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।

थाना प्रभारी रोहित आर्य का कहना है कि प्रथम दृष्टया ये डमी बोन प्रतीत हो रही हैं। इन हड्डियों पर पेन के निशान भी दिख रहे हैं। सभी हड्डियों को फारेंसिक लैब भेज दिया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Compiled: up18 News