आगरा में साहित्य का महाकुंभ: ताज लिटरेचर क्लब ने ‘विश्व पुस्तक दिवस’ पर सजाई काव्य संध्या

विविध

आगरा: ताजनगरी की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ताज लिटरेचर क्लब द्वारा ‘विश्व पुस्तक दिवस’ के उपलक्ष्य में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को एक भव्य साहित्य महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। विजय नगर कॉलोनी स्थित आगरा पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित इस महोत्सव में आगरा सहित विभिन्न शहरों से आए दिग्गज कवियों, कवयित्रियों और प्रबुद्ध साहित्यकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

​कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि हाथरस के सुप्रसिद्ध आशु कवि अनिल बोहरे, संस्था के संस्थापक राजकुमार शर्मा, अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा और भावना वरदान शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात, स्वामी लीला शाह सरस्वती विद्या मंदिर के नन्हे बच्चों ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। स्वागत उद्बोधन में संस्था अध्यक्ष भावना वरदान शर्मा ने बताया कि 23 अप्रैल को विश्व पुस्तक दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी कड़ी में ताज लिटरेचर क्लब ने पुस्तक विमोचन, साहित्य चर्चा और पुस्तक प्रदर्शनी जैसे विशेष आयोजन किए हैं।

पुस्तकों का विमोचन और दिनकर को श्रद्धांजलि

इस अवसर पर डॉ. अरविंद कपूर द्वारा रचित अंग्रेजी काव्य संकलन ‘एजिस ऑफ़ क्रीसेंडो’ (Aegis of Crescendo) का भव्य विमोचन किया गया, जिसमें जीवन के विविध रंगों को कविताओं के माध्यम से पिरोया गया है। महोत्सव में महान कवि रामधारी सिंह दिनकर को उनकी जयंती पर विशेष श्रद्धांजलि देते हुए उनकी रचनाओं का पाठ किया गया।

काव्य संध्या: जब तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा ऑडिटोरियम

काव्य संध्या में हाथरस, दिल्ली, अकोला, फिरोजाबाद और मथुरा से आए रचनाकारों ने अपनी पंक्तियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवयित्री अंशु छोकर ने “हर बेटी में लक्ष्मीबाई सी जवानी चाहिए” पढ़कर नारी शक्ति का आह्वान किया। वहीं, आशु कवि अनिल बोहरे ने अपनी चुटीली पंक्तियों से हास्य बिखेरा। मीना शर्मा ने अपनी रोमांटिक पंक्तियों से दिलों को छुआ। काव्य पाठ करने वालों में राजेंद्र मिलन, अशोक अश्रु, डॉ. शशि गुप्ता, ब्रज बिहारी लाल ‘बिरजू’ और अमिता त्रिपाठी सहित दर्जनों कवियों ने वीर, श्रृंगार और ओज रस की कविताएं सुनाकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

​समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अमरीश नाथ, राजीव निस्पृह और अकोला की अंशु छोकर मौजूद रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन अनुपमा दीक्षित ने किया। इस दौरान कार्तिकेय, अर्चना कपूर, चतुर्भुज तिवारी और जगन प्रसाद तेहरिया सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।