आगरा। सेवा और समर्पण की भावना को चरितार्थ करते हुए लायंस क्लब आकाश की ओर से फाउंड्री नगर स्थित राधा-कृष्ण गौशाला में मासिक गौसेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने गोवंश की सेवा के लिए 250 मन भूसा गौशाला को अर्पित किया।
क्लब अध्यक्ष मुकेश गोयल ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। गोवंश की सेवा केवल धार्मिक दायित्व ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी भी है। क्लब की ओर से नियमित रूप से मासिक गौसेवा के माध्यम से ऐसे सेवा कार्य किए जाते रहेंगे।
सचिव संजय अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंद गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है। वहीं कोषाध्यक्ष नितिन अग्रवाल एवं क्लब कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार गुप्ता ने सभी सदस्यों से सेवा कार्यों में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर बृजराज सिंह यादव, संजीव गुप्ता, गौरी शंकर गुप्ता, अनिल वाष्र्णेय, पीके मोदी आदि उपस्थित रहे।


