आगरा में अग्रवाल महासभा का नया नेतृत्व: नितेश अग्रवाल बने अध्यक्ष, सतेन्द्र अग्रवाल को मिली महामंत्री की कमान

विविध

आगरा: ताजनगरी की प्रतिष्ठित संस्था अग्रवाल महासभा में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही सेवा और संगठन के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। वर्ष 2026-2028 के कार्यकाल के लिए लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 40 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का भव्य ऐलान किया गया। पाँच सदस्यीय चयन समिति ने सर्वसम्मति से नितेश अग्रवाल को अध्यक्ष, सतेन्द्र अग्रवाल को महामंत्री और विष्णु बिहारी गोयल को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

नवनियुक्त अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने पदभार ग्रहण करते ही अपने विजन को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि महासभा का आगामी लक्ष्य समाज के हर वर्ग को एकजुट करना और संगठन की शक्ति बढ़ाना है। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान करते हुए घोषणा की कि महासभा ‘दहेज रहित विवाह’ को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाएगी।

चयन प्रक्रिया और कार्यकारिणी विस्तार

सह चुनाव अधिकारी फूलचंद बंसल और अशोक अग्रवाल (अंबाह) ने बताया कि 5 अप्रैल को हुई आमसभा में गठित चयन समिति ने गहन विचार-विमर्श के बाद इन नामों पर मुहर लगाई है। समिति में पूर्व विधायक महेश गोयल, महेंद्र बंसल और जीवनलाल मित्तल जैसे वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे। फिलहाल 40 सदस्यीय टीम में 9 पद रिक्त हैं, जिन्हें जल्द ही नामांकन के जरिए भरा जाएगा।

नई टीम में प्रमुख चेहरे

संगठन को मजबूती देने के लिए डॉ. मंजू बंसल और सुभाष चंद्र गर्ग को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देवेंद्र बंसल, कृष्ण मुरारी गोयल, वीरेंद्र जैन और वीरेंद्र गोयल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। बृजेश अग्रवाल उपमहामंत्री, शैलेन्द्र बंसल, सुशील अग्रवाल व रवि अग्रवाल संगठन मंत्री और अनिल अग्रवाल विधान निर्माता के रूप में कार्य करेंगे। कानूनी सलाहकार के तौर पर गजेंद्र अग्रवाल टीम का हिस्सा बने हैं।

महाराजा अग्रसेन के जयकारों से गूंजा भवन

कार्यक्रम का आरंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर विनय अग्रवाल, भगवान दास बंसल, विनोद अग्रवाल और सुरेशचंद (दयालबाग) समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरी टीम ने संकल्प लिया कि वे ‘समाजहित सर्वोपरि’ की नीति पर चलते हुए अग्रवाल समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।