पहलगाम हमले के पीड़ित परिवार की उपेक्षा पर भड़के अखिलेश, बोले- मुख्यमंत्री जी के पास चुनाव प्रचार का समय है, पर पीड़ित बेटी का दर्द सुनने का नहीं…

Politics

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के व्यापारी स्व. शुभम द्विवेदी की पत्नी की व्यथा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर करारा प्रहार किया है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक पीड़ित महिला महीनों से न्याय की उम्मीद में मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास कर रही है, लेकिन सत्ता की ओर से उसे केवल उपेक्षा मिल रही है।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि शुभम द्विवेदी की पत्नी ने सार्वजनिक रूप से अपना दुख प्रकट किया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उनकी गुहार का कोई जवाब नहीं दिया जा रहा। अखिलेश ने सवाल दागा, “क्या यही भाजपा के महिला सम्मान का असली सच है?” उन्होंने मुख्यमंत्री के रवैये को “निर्दयी और संवेदनहीन” करार देते हुए कहा कि अपने राज्य की एक पीड़ित बेटी का दर्द सुनने के बजाय मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार को अधिक महत्व दे रहे हैं।

अखिलेश यादव ने अपनी मांग को स्पष्ट करते हुए कहा कि स्व. शुभम द्विवेदी को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि वर्तमान भाजपा सरकार इन मांगों को पूरा नहीं करती है, तो समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर इन्हें प्राथमिकता से पूरा करेगी।

सपा प्रमुख ने आगे कहा कि भाजपा की इस उपेक्षा से न केवल आम जनता बल्कि भाजपा के महिला सदस्य भी शर्मिंदा महसूस कर रही होंगी। जिसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूटा हो, उसकी ऐसी प्रशासनिक उपेक्षा उसे और अधिक निराश और हताश कर देती है। उन्होंने भाजपा सरकार को “हृदयहीन” बताते हुए स्पष्ट किया कि इस उपेक्षा के पीछे का कारण सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।