आगरा: गोवर्धन में 25-26 दिसम्बर को दिव्य छप्पन भोग महोत्सव, भजन संध्या का भी होगा आयोजन

Press Release

आगरा। इस बार श्रीगिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित गोवर्धन में आयोजित किए जाने वाले छप्पन भोग महोत्सव के लिए कोलकाता के कारीगरों द्वारा विशेष पोशाक तैयार की जा रही है। द्वारिकाधीश मंदिर मथुरा के महन्त शरद शंकर जी द्वारा गिरिराज जी का अलौकिक श्रंगार किया जाएगा। वैष्णव पद्धति से बनाए गए विभिन्न प्रकार के 11 हजार किलो व्यंजनों के छप्पन भोग से गिरिराज जी को समर्पित किए जाएंगे।

यह जानकारी मण्डल के सदस्यों ने आज सोमवार को यहां दी। दो दिवसीय छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन गोवर्धन में 25 व 26 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री शरणानंद जी के आश्रम में आयोजित होने जा रहे महोत्सव में गोविन्दाभिषेक, गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा व भजन संध्या का भी आयोजन होगा। जिसमें आगरा से श्रद्धालु पहुंचेंगे।

मण्डल के संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह संस्थापक मयंक अग्रवाल, महन्त कपिल नागर व अध्यक्ष रविन्द्र गोयल ने बताया कि 17 दिसम्बर को श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। 25 दिसम्बर को प्रातः गिरिराज जी का गोविन्दाभिषेक किया जाएगा। इसके उपरान्त गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई जाएगी। 26 दिसम्बर को प्रातः साधु सेवा, दोपहर में भंडारा व छप्पन भोग के दर्शन होंगे। सायंकाल भजन संध्या का आयोजन होगा।