आगरा के दयालबाग की आरएस गौशाला के 100 वर्ष: पशु सेवा से प्राकृतिक खेती और हाई-टेक डेयरी तक बना अनूठा मॉडल

Cover Story

आगरा: बेज़ुबान पशुओं की सेवा, जहर-मुक्त प्राकृतिक खेती, वैज्ञानिक दुग्ध उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा का अद्भुत संगम पेश करते हुए दयालबाग की आरएस गौशाला ने पूरे देश में अपनी एक मिसाली पहचान बनाई है। सन 1926 में शुरू हुई यह ऐतिहासिक गौशाला अब अपनी स्थापना की शताब्दी (100 वर्ष) पूरी कर रही है।

गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में यहाँ सदियों पुरानी पारंपरिक पशुपालन व्यवस्था को आधुनिक विज्ञान और नई तकनीकों से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। सैकड़ों गाय-भैंसों के अलावा बकरियों और ऊंटों का पालन, जैविक खाद का निर्माण, बायोगैस के जरिए हरित बिजली का उत्पादन और डेयरी टेक्नोलॉजी की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा इस पूरे तंत्र को बेहद विशिष्ट बनाते हैं।

इस गौशाला की सबसे बड़ी खासियत यह है कि गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा कृषि कार्य की प्रत्येक शिफ्ट के दौरान खुद खेतों में पहुँचते हैं। कृषि कार्यों का जायजा लेने के बाद वे नियमित रूप से गौशाला का भी बारीकी से निरीक्षण करते हैं। वे पशुओं के स्वास्थ्य, खानपान, स्वच्छता और उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का व्यक्तिगत रूप से ध्यान रखते हैं तथा जरूरी सुझाव और निर्देश देते हैं। उनके मार्गदर्शन का ही नतीजा है कि गौशाला के प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन में निरंतर सुधार हो रहा है।

​यहाँ गायों और भैंसों के साथ-साथ बकरियों तथा ऊंटों को भी आत्मीयता से पाला जाता है। पशुओं के साथ परिवार के सदस्यों जैसा स्नेहपूर्ण व्यवहार होता है और उन्हें उनके नाम से पुकारने की एक सुंदर परंपरा है। उनके शारीरिक विकास और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खुले मैदानों में चराई तथा घूमने की विशेष व्यवस्था है। दूध देने वाले मवेशियों को प्रतिदिन दो शिफ्टों में लंबे समय के लिए खुले माहौल में रखा जाता है। इतना ही नहीं, गौशाला परिसर में 24 घंटे ‘रा-धा-स्वा-आ-मी’ नाम की मधुर ध्वनि गूँजती रहती है, जिसे पशुओं के लिए एक प्रभावी संगीत चिकित्सा (म्यूजिक थेरेपी) के रूप में अपनाया गया है।

​शीत लहर में गर्म सुरक्षा जैकेट और न्यूट्रिशियस डाइट

​ऋतु चक्र के अनुसार मवेशियों की देखभाल के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। कड़ाके की ठंड में पशुओं को बचाने के लिए उन्हें विशेष रूप से तैयार गर्म जैकेट पहनाई जाती हैं और उनके विश्राम स्थल पर सूखे बिछावन की व्यवस्था की जाती है। उनके भोजन में पौष्टिक मिलेट्स (मोटा अनाज), गुड़ और गरमा-गरम दलिया शामिल किया जाता है। इसके अलावा, देशी जड़ी-बूटियों से तैयार काढ़ा भी उन्हें नियमित रूप से दिया जाता है। अनुभवी और विशेषज्ञ पशु डॉक्टरों की एक समर्पित टीम मवेशियों की नियमित जांच और इलाज का जिम्मा संभालती है।

​स्मार्ट सेंसर, ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी से हाई-टेक निगरानी

​आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल में भी यह गौशाला अग्रणी भूमिका निभा रही है। मवेशियों की शारीरिक गतिविधियों और स्वास्थ्य में आने वाले सूक्ष्म बदलावों पर नजर रखने के लिए उनके गले में स्मार्ट सेंसर लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों की मदद से खुले मैदानों में चराई कर रहे पशुओं और पूरे परिसर की हवाई निगरानी की जाती है। ड्रोन में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम (माइक) से जरूरत पड़ने पर मैदान में तैनात कार्यकर्ताओं को तुरंत निर्देश दिए जाते हैं। इसके अलावा 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क के जरिए पूरी व्यवस्था पर 24 घंटे नजर रखी जाती है। बड़े पैमाने पर पशुपालन को सुगम बनाने के लिए किफायती और प्रभावी तकनीकी समाधान अपनाए गए हैं।

​गोबर और गोमूत्र से ऑर्गेनिक फार्मिंग को नई उड़ान

​गौशाला का योगदान दयालबाग की समृद्ध प्राकृतिक खेती में रीढ़ की हड्डी के समान है। यहाँ मवेशियों से प्राप्त गोबर और गोमूत्र से उच्च गुणवत्ता का जीवामृत तथा घनजीवामृत तैयार कर खेतों में उपयोग किया जाता है। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता को पूरी तरह खत्म कर प्राकृतिक तरीकों से मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने का सतत प्रयास जारी है। इस प्रक्रिया में केंचुओं की भी केंद्रीय भूमिका है; वे मिट्टी को भुरभुरा बनाकर उसमें ऐसे सूक्ष्म रास्ते बनाते हैं, जिससे बारिश का पानी आसानी से जमीन के भीतर रीचार्ज होकर भूजल स्तर को सुधारता है।

​पर्यावरण की सुरक्षा के लिए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (DEI) के तकनीकी सहयोग से गौशाला में एक उन्नत बायोगैस प्लांट भी स्थापित किया गया है। मवेशियों के गोबर से निकलने वाली खतरनाक मीथेन गैस को खुले वायुमंडल में जाने से रोककर उससे बिजली बनाई जाती है। इससे न केवल ऊर्जा की जरूरतें पूरी होती हैं, बल्कि कार्बन फुटप्रिंट भी घटता है।

​1926 में गौशाला तो 1929 में REI डेयरी की नींव

​दयालबाग में दुग्ध क्रांति का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। जहाँ गौशाला की नींव 1926 में पड़ी, वहीं आरईआई (REI) डेयरी की औपचारिक शुरुआत 1929 में हुजूर साहबजी महाराज ने की थी। वर्ष 1931 में इस डेयरी को डेनिश आर्किटेक्चर मॉडल पर बने भवन में शिफ्ट किया गया। उस ज़माने में भी आधुनिक मशीनों की मदद से दूध का पाश्चुरीकरण, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की जाती थी। आरईआई डेयरी के ‘क्यूपिड’ ब्रांड के मक्खन और डेयरी उत्पादों ने अपनी बेजोड़ शुद्धता और स्वाद के बल पर अलग पहचान बनाई थी।

​डेयरी टेक्नोलॉजी: पढ़ाई के साथ 60% प्रैक्टिकल ट्रेनिंग

​इसी ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक रूप देते हुए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (DEI) ने डेयरी टेक्नोलॉजी को उच्च शिक्षा और वोकेशनल ट्रेनिंग से जोड़ा है। संस्थान में 2015 में बीवॉक (B.Voc) डेयरी टेक्नोलॉजी कोर्स की शुरुआत हुई, जिसके बाद एमवॉक (M.Voc) और पीएचडी (Ph.D.) स्तर के शोध पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए। इसमें डेयरी फार्मिंग, माइक्रोबायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। विद्यार्थियों को 40 प्रतिशत थ्योरी और 60 प्रतिशत प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाती है।

​छात्रों द्वारा संचालित ‘मिनी डेयरी प्लांट’ इस संस्थान की एक बड़ी उपलब्धि है। यहाँ विद्यार्थियों को दूध की प्रोसेसिंग, क्वालिटी चेकिंग, पैकेजिंग और विभिन्न दुग्ध उत्पाद बनाने का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाता है। इस प्लांट में फ्लेवर्ड मिल्क, श्रीखंड, विभिन्न बर्फी, कलाकंद, बासुंदी, मिष्टी दही, बटर, प्रोबायोटिक योगर्ट, चॉकलेट और आइसक्रीम बनाई जाती हैं। इनमें केवल प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल होता है और किसी भी प्रकार के कृत्रिम रंग या प्रिजर्वेटिव का उपयोग नहीं किया जाता। ये उत्पाद संस्थान और स्थानीय नागरिकों को वाजिब दामों पर मिलते हैं।

​खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डीईआई में एक आधुनिक ‘स्मार्ट फूड क्वालिटी टेस्टिंग लैब’ भी स्थापित की गई है, जहाँ उन्नत उपकरणों से जांच होती है। इसके अलावा, पूरे डेयरी प्लांट को संचालित करने में सौर ऊर्जा (सोलर एनर्जी) का प्रयोग किया जाता है।

​जनजातीय और सुदूर ग्रामीण अंचलों तक पहुँचा डेयरी मॉडल

​डीईआई की यह अनूठी पहल केवल आगरा तक सीमित नहीं रही है। डेयरी टेक्नोलॉजी के इन वोकेशनल कोर्सों और मिनी डेयरी प्लांट की सुविधाओं को दूर-दराज़ के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों तक पहुँचाने के लिए मध्य प्रदेश के टिमरनी, राजाबोरारी और पंजाब के अमृतसर स्थित केंद्रों पर भी यह कार्यक्रम सफलता से संचालित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है।

​सामुदायिक सहभागिता और स्वैच्छिक सेवा की मिसाल

​इस गौशाला के संचालन में दयालबाग के निवासियों और आगरा के नागरिकों का योगदान सराहनीय है। बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम पशुओं को चारा देने, उनकी सेवा और साफ-सफाई में स्वेच्छा से श्रमदान करते हैं। सुबह खेतों में कृषि सेवा करने वाले कार्यकर्ताओं और बच्चों को पौष्टिक गर्म दूध वितरित किया जाता है। गौशाला का शुद्ध दूध बेहद सस्ती दरों पर स्थानीय समुदाय को उपलब्ध कराया जाता है, जो एक स्वस्थ और शाकाहारी जीवनशैली को बढ़ावा देता है।

​दयालबाग की आरएस गौशाला की यह 100 वर्षों की यात्रा केवल पशुपालन तक सीमित न रहकर प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक डेयरी तकनीक, रोजगारपरक शिक्षा और सामाजिक समरसता की एक महान मिसाल बन चुकी है। प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा के कुशल नेतृत्व में विकसित यह मॉडल परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मेल है।