आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किए गए राष्ट्रव्यापी आव्हान को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने की अपील पर राज्यसभा सदस्य नवीन जैन द्वारा “राष्ट्र प्रथम अभियान” प्रारंभ किया जा रहा है। जिसकी विस्तृत रूपरेखा उन्होंने मीडिया के सामने प्रस्तुत की। सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान को जन-जन तक पहुंचाने को जनजागरण अभियान शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। वैश्विक अस्थिरता के कारण आर्थिक, व्यापारिक और सामाजिक स्तर पर कई चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए देशवासियों से राष्ट्रहित में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का पालन करे तो देश बड़ी से बड़ी चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में राष्ट्रहित में कई महत्वपूर्ण संदेश दिए गए हैं, जिनका उद्देश्य देश की आर्थिक और सामाजिक मजबूती को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपनी सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के काफिले में कमी किए जाने के निर्णय के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था पूर्ववत निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखी जाए।
सांसद नवीन जैन ने प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देशवासियों से की गई प्रमुख अपीलों को विस्तार से साझा किया। सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश देकर आत्मनिर्भर भारत अभियान को और गति देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्य, जागरूकता और संकल्प का प्रतीक होगा। इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की आवश्यकता है।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने “राष्ट्र प्रथम अभियान” की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की घोषणा की। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचाने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। छह चरणों में चलने वाले इस अभियान के तहत जनसंपर्क, संकल्प यात्रा, कॉलेज संपर्क और सांकेतिक उपवास जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद नवीन जैन इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर लोगों को राष्ट्रहित के लिए जागरूक करेंगे। सांसद जैन ने बताया कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” छह चरणों में चलेगा। उन्होंने बताया कि 19 मई को दोपहर 4:30 बजे भगवान टॉकीज से संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक तक “जन संकल्प यात्रा” निकाली जाएगी।21 मई को शाम 4 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। 22 मई को सुबह 11 बजे से बैंक और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में संपर्क कर लोगों को राष्ट्रहित के संकल्पों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
सांसद जैन ने बताया कि 24 मई को शाम 5 बजे से रेलवे स्टेशन पर विशेष जनसंपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। 25 मई को सुबह 11 बजे से कॉलेजों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों को “राष्ट्र प्रथम” की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा और 27 मई को शाम 5 बजे स्पीड कलर लैब के समीप सांकेतिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सांसद नवीन जैन ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से “राष्ट्र प्रथम अभियान” से जुड़कर राष्ट्रहित के इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से युवा नेता वैभव जैन, नितेश शिवहरे, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, राहुल जैन, पार्षद नीतीश भारद्वाज, हिमांशु मिश्रा, कौशल वशिष्ठ सहित भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।


