आगरा: थाना न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग स्थित कृष्णा बाग (नगला हवेली) में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यहाँ संचालित एक ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर करीब 24 ई-रिक्शा जलकर राख हो गए। इस हादसे में एक युवक के झुलसने की भी खबर है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
धमाकों से खुली नींद, मची अफरातफरी
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि दयालबाग के एक खाली प्लॉट पर पिछले दो साल से ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट का संचालन किया जा रहा था। गुरुवार तड़के करीब चार बजे जब यहाँ सो रहे धर्मवीर, अनार सिंह, पप्पू और रमाशंकर की नींद खुली, तो चारों ओर आग की लपटें थीं। बैटरी फटने के कारण हो रहे धमाकों के बीच जान बचाने के लिए सभी बाहर की ओर भागे। इस भगदड़ और आग की चपेट में आने से रमाशंकर (निवासी सदर) झुलस गए।
शॉर्ट सर्किट बना तबाही का कारण
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि यह चार्जिंग प्वाइंट जयपुर हाउस निवासी धनीराम द्वारा किराए की जगह पर संचालित किया जा रहा था। दमकल विभाग की शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
लाखों का नुकसान
तड़के हुई इस घटना ने ई-रिक्शा चालकों और संचालक को बड़ा आर्थिक झटका दिया है। एक साथ 24 ई-रिक्शा जलने से लाखों रुपये की संपत्ति खाक हो गई है। पुलिस प्रशासन अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि रिहायशी इलाके के पास चल रहे इस चार्जिंग प्वाइंट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं।


