रामपुर: डासना जेल से बाहर आने के बाद रामपुर स्थित अपने आवास पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) ने एक बार फिर तीखे और आक्रामक तेवरों के साथ सियासी बयानबाजी की। उन्होंने आगामी चुनावों, जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली, संवैधानिक संस्थाओं की साख और विश्वविद्यालय निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर सरकार व व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।
”चुनाव नहीं इंकलाब होगा, बदलाव नहीं सैलाब आएगा”
रामपुर पहुंचने के बाद आजम खान ने कहा कि आने वाले समय में सामान्य चुनाव नहीं बल्कि इंकलाब होगा और महज बदलाव नहीं बल्कि सैलाब आएगा। उन्होंने दावा किया कि अब जनता जाति या धर्म के आधार पर वोट नहीं करेगी, बल्कि चुनाव पूरी तरह जनहित के मुद्दों पर केंद्रित होंगे। उन्होंने कहा कि वे और उनके जैसे लोग संविधान की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर करने को सदैव तत्पर हैं।
जांच एजेंसियों और माफिया के आरोपों पर पलटवार
खुद पर लगे आरोपों और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल खोलने और एक विश्वविद्यालय खड़ा करने वाला व्यक्ति भला कैसे माफिया हो सकता है। तंज भरे लहजे में उन्होंने कहा ”अगर कोई ‘मुर्गी चोर’, ‘बकरी चोर’ या ‘भैंस चोर’ ED की नजर में दोषी ठहराया जा सकता है, तो मैं ऊपरवाले से दुआ करता हूं कि हर गली में एक ‘मुर्गी चोर’ पैदा हो, ताकि वह भी एक यूनिवर्सिटी बना सके।”
उन्होंने कहा कि तमाम संवैधानिक संस्थाओं को यह आत्मचिंतन करना चाहिए कि वे अपनी विश्वसनीयता व साख खो रही हैं और उन्हें अपनी गरिमा बचाने की दिशा में काम करना चाहिए।
“मालवीय और सर सैयद के समय में होतीं ED-CBI तो वे भी जाते जेल”
भाजपा पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि लोकसभा और विधान परिषद के चुनाव परिणामों से स्थिति स्पष्ट है और सत्तापक्ष ने जिन सीटों पर जीत दर्ज की, वे कथित तौर पर धांधली के जरिए हासिल की गईं। शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से जुड़े संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि महामना मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के दौर में ED, CBI, आयकर विभाग (I-T) और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं मौजूद होतीं, तो उन्हें भी जेल भेज दिया जाता और वे विश्वविद्यालय स्थापित नहीं कर पाते।
”देश आजाद है, लेकिन संविधान को आजाद कराना बाकी”
न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आजम खान ने कहा कि यह दिन उन तमाम लोगों के लिए उत्सव जैसा है जो न्याय, लोकतंत्र और संविधान में आस्था रखते हैं, और वे इसके लिए अदालत का धन्यवाद करते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि उन्हें यह महसूस होता है कि देश भले ही आजाद हो गया हो, लेकिन संविधान अभी आजाद नहीं है, और सभी को मिलकर संविधान को आजाद कराने की आवाज बुलंद करनी चाहिए।


