Agra News: गैस गीज़र फटने से मकान की छत गिरी, मलबे में दबे पति-पत्नी

स्थानीय समाचार

आगरा: शाहगंज थाना क्षेत्र के सराय ख्वाजा पुलिस चौकी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान अचानक से धराशाई हो गया। उस मकान के मलबे में पति-पत्नी बुरी तरह से दब गए। हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मचने लगी। जोरदार आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची क्षेत्रीय पुलिस ने लोगों की मदद से मलबे से पति-पत्नी को बाहर निकाला और इलाज के लिए एसएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक कमाल खान दरगाह के पास करीम नाम का युवक अपने परिवार के साथ रहता है। बीती रात पूरा परिवार एक साथ सोया था लेकिन सुबह तड़के अचानक से जोरदार आवाज हुई और मकान की छत धराशाई हो गई। उस मलबे में करीम और उसकी पत्नी गजाला दब गई। जोरदार हुई आवाज़ सुनकर क्षेत्रीय लोग बाहर निकल आए तो देखा मकान की छत गिर गयी है। लोगों ने आनन-फानन में मलबे में दबे पति पत्नी को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए एसएन अस्पताल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक करीम के घर में गैस वाला गीजर लगा हुआ है। इस गीज़र के फटने के कारण ही मकान की छत धराशाई हो गई और परिवार के लोग दब गए। फिलहाल पति-पत्नी दोनों ही खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इससे लोगों ने भी राहत की सांस ली है लेकिन इस हादसे के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का विषय बना हुआ है।