Agra News: नगर निगम के अभियान की खुली पोल, ताजमहल देखने आए विदेशी पर्यटक को आवारा श्वान ने काटा

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजमहल के पास आवारा स्वान और बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को ताजमहल निहारने के लिए आए पर्यटक को ताजमहल के दक्षिणी गेट पर एक स्वान ने काट लिया। आवारा स्वान द्वारा काटे जाने पर मौके पर कोई इलाज की व्यवस्था न होने से पर्यटक ने पास के ही केमिस्ट की दुकान से सैनिटाइजर की बोतल खरीदी। उसे अपने घाव पर लगाकर आगे के लिए रवाना हो गया। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा मामला

इस सीसीटीवी वीडियो में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया है। सीसीटीवी में पर्यटक आता हुआ दिखाई दे रहा है और वहीं स्वान घूम रहा है। अचानक से स्वान ने इस पर्यटक को काट लिया। श्वान द्वारा काटे जाने पर पर्यटक बुरी तरह से सहम गया। उसने स्वान को डरा कर भगा दिया।

सैनिटाइजर से साफ किया घाव

स्थानीय दुकानदार मेहराज ने बताया की शनिवार सुबह 8 बजकर 56 मिनट पर ताजमहल दक्षिणी गेट पर स्पेन का एक पर्यटक आ रहा था। पर्यटक के एक हाथ में पानी की बोतल और दूसरे में कॉफी का कप था। इसी दौरान वहां घूम रहे आवारा कुत्ते ने उसकी जांघ पर काट लिया। पर्यटक ने उसे हाथ दिखा कर वहां से भगाया। इसके बाद पर्यटक वहीं केमिस्ट की दुकान पर गया और अपनी जांघ पर घाव देखने के बाद उसने सैनेटाइजर खरीद कर घाव पर लगा लिया। दुकानदार मेहराज ने पर्यटक से बात कर मदद करने को कहा तो पर्यटक ने उनसे कहा कि उसे ताजमहल देखने की जल्दी है और वहां से चला गया।

निगम के अभियान की खुली पोल

बता दें कि आगरा नगर निगम इस समय कुत्तों और बंदरों को पकड़ कर उनकी नसबंदी कर जंगलों में छोड़ने का अभियान चला रहा है। एक कुत्ते की नसबंदी पर 11 सौ रूपये के लगभग खर्च किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत ताजगंज क्षेत्र से ही हुई है। वर्तमान में जी – 20 सम्मिट के दौरान आगामी 11 फरवरी को आने वाले मेहमानों के लिए नगर निगम युद्ध स्तर पर काम करने का दावा कर रहा है लेकिन इसके बावजूद आवर श्वान पर्यटकों को अपना निशाना बना रहे हैं।