विश्व शांति के लिए आगरा में गूंजा महामंत्र: इस्कॉन के ‘हरिनाम संकीर्तन’ में उमड़ा आस्था का सैलाब

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: वैश्विक स्तर पर बढ़ती अशांति और युद्ध के बादलों के बीच, आध्यात्मिक शक्ति के जरिए शांति की स्थापना का एक बड़ा संदेश रविवार को ताजनगरी से पूरी दुनिया को दिया गया। इस्कॉन (ISKCON) द्वारा देशभर के 700 शहरों में आयोजित एक साथ ‘हरिनाम संकीर्तन’ की कड़ी में आगरा के जयपुर हाउस स्थित अहिंसा पार्क में भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि विश्व शांति के लिए एक सशक्त वैश्विक पुकार बनकर उभरा।

भक्तिमय हुआ वातावरण, मंत्रमुग्ध हुए लोग

रविवार तड़के 6 बजे से ही अहिंसा पार्क का कोना-कोना मृदंग और मंजीरों की गूंज से सराबोर हो गया। “हरे कृष्ण-हरे रामा” के महामंत्र के साथ श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते-गाते नजर आए। पार्क में सुबह की सैर और योग के लिए आए आम नागरिक भी इस आध्यात्मिक ऊर्जा से खुद को जोड़ पाए और देखते ही देखते यह आयोजन एक जन-आंदोलन में तब्दील हो गया।

युद्ध के बीच शांति का मार्ग

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वैश्विक अस्थिरता, विशेषकर मध्य-पूर्व के संघर्षों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध की आग में झुलस रही है, तब हरिनाम संकीर्तन ही वह सूत्र है जो मानवता को एकता और सह-अस्तित्व के मार्ग पर ला सकता है।

​700 शहरों में एक साथ आयोजन

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन एक विश्वव्यापी मुहिम का हिस्सा है। भारत के 700 शहरों में एक ही समय पर संकीर्तन का उद्देश्य मानवता को जोड़ना और विश्व में खुशहाली की भावना को मजबूत करना है।

ये रहे उपस्थित

इस आध्यात्मिक समागम में प्रमुख रूप से सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल, सूरज, राजीव मल्होत्रा, रजनी सागर, नीना माहेश्वरी, मंजू तिवारी, नीलिमा जैन, कुमकुम, ओपी रंजन, बृजमोहन, घनश्याम अग्रवाल और चंद्र ठकरानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मानव कल्याण और वैश्विक शांति की कामना की।