पीले परिधानों में उमड़ा आस्था का सैलाब: आगरा के लोहा मंडी में कलश यात्रा के साथ हुआ भागवत कथा महोत्सव का आगाज

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर भक्ति और उल्लास के साथ श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। माधवी अग्र महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत रविवार को एक भव्य कलश यात्रा के साथ हुई।

​भक्तिमय माहौल में निकली कलश यात्रा

कलश यात्रा श्री राम मंदिर, जयपुर हाउस से शुरू होकर कथा स्थल लोहा मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन तक पहुंची। यात्रा का शुभारंभ डॉ. सुधा बंसल, बीडी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, शकुन बंसल और राकेश गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पीली साड़ी और पारम्परिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर कीर्तन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कथा व्यास ने बताया भागवत का महात्म्य

कलश यात्रा के पश्चात कथा के पहले दिन व्यासपीठ से नीरज नयन महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण का महात्म्य सुनाया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार की ओर ले जाने वाला मार्ग है। महाराज जी ने राजा परीक्षित के प्रसंग का सजीव वर्णन करते हुए भागवत श्रवण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस कथा के मुख्य परीक्षित रघुवीर सहाय जैन और आभा जैन हैं।

​30 मई तक चलेगा आयोजन

संस्था की अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह कथा महोत्सव 30 मई तक जारी रहेगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भगवान नाम संकीर्तन और श्रीमद् भागवत कथा का रसास्वादन कराया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव ऊषा बंसल, रजनी, श्वेता गोयल, रीना गोयल, रेनू अग्रवाल, नीलम मित्तल, संगीता, शिल्पी, कुसुम गर्ग, निर्मल, आशी अग्रवाल और पायल सहित मंडल की समस्त सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।