आज अपना जन्मदिन मना रही हैं ख्याति प्राप्त भारतीय पार्श्वगायिका अलका याग्निक

Entertainment

ख्याति प्राप्त भारतीय पार्श्वगायिका अलका याग्निक आज के ही दिन पैदा हुई थीं। उनका जन्म कोलाकाता शहर (पश्‍चिम बंगाल) में 20 मार्च 1966 को हुआ था।

अलका याग्निक ने अपने कॅरियर में एक से बढ़कर एक गीत में गाकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। लता मंगेशकर और आशा भोंसले के बाद किसी गायिका का नाम लिया जाता है तो वह अलका याग्निक ही हैं। अलका याग्निक के इसी हुनर के कारण उन्हें कई बार नेशनल अवार्ड और फिल्मफेयर से सम्मानित किया जा चुका है।

परिचय

अलका याग्निक गुजराती हिन्दू परिवार से आती हैं। अलका याग्निक की माता शुभा याग्निक भी एक शास्त्रीय गायिका थीं। उन्होंने फ़रवरी 1989 में शिल्लोंग (मेघालय) के मशहूर बिज़नसमैन नीरज कपूर के साथ शादी की।

प्रथम बार गायन

चूंकि अलका याग्निक की मॉं शास्त्रीय गायिका थीं इसलिए अलका को गायिकी की शिक्षा बहुत ही कम उम्र में मिल गई। उन्होंने मात्र 6 साल की उम्र में आकाशवाणी कलकत्ता से गाना गाया। 10 साल की उम्र तक अलका संगीत में परायण हो चुकी थीं इसीलिए उनकी मॉं उन्हें कलकत्ता से मुंबई ले आईं। अलका याग्निक की माँ ने उनका कॅरियर बनाने के लिए कई प्रयास किये। आखिरकार उन्होंने एक पत्र के जरिए राज कपूर से संपर्क किया। राज कपूर ने जब अलका की आवाज सुनी, तब वह उनसे काफी प्रभावित हुए और पत्र को लेकर प्यारेलाल के पास पहुंचे।

उनकी आवाज सुनकर प्यारेलाल भी उनसे प्रभावित हो गए। उन्होंने अलका याग्निक को दो ऑफर दिए। उन्होंने बताया कि वह चाहें तो अभी से एक डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर काम करें या फिर आवाज परिपक्व होने तक का इंतज़ार करें। तब अलका याग्निक की माँ ने इंतज़ार करने का फैसला किया। 14 साल की उम्र में अलका याग्निक ने पहली बार फिल्म “पायल की झंकार” के गाने “थिरकत अंग लचक झुकी” में अपनी आवाज दी। जिसके बाद 1981 में आई फिल्म ‘लावारिस’ के गाने “मेरे अंगने में” ने उन्हें शोहरत की बुलंदियों तक पहुँचा दिया। जिसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में अपनी गायकी से लोगों का ध्यान अपनी ओर खिंचा।

साल 1988 में आयी फ़िल्म ‘तेजाब’ के गीत ‘एक दो तीन’ के लिए इन्हें पहली बार फिल्मफेयर का अवार्ड मिला। उन्होंने अपने तीन दशक पुराने करियर में हिंदी के अलावा उर्दू, गुजराती, अवधि, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषा में गाने गाए हैं। अलका याग्निक आज उन गायिकाओं में से एक हैं जिन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री के सभी बड़े संगीतकरों के साथ काम किया है। अलका याग्निक को संगीत से जुड़े हुए लगभग सभी अवार्ड से नवाजा जा चुका है।

पुरस्कार व सम्मान

नेशनल अवार्ड
फिल्मफेयर अवार्ड
लता मंगेशकर अवार्ड
आईफा अवार्ड
स्टार स्क्रीन अवार्ड
जी सिने अवार्ड

Compiled: up18 News