आगरा: फतेहपुर सीकरी की शाही मस्जिद में नमाज़ के दौरान छत से गिरा बड़ा पत्थर, मची भगदड़

स्थानीय समाचार

आगरा: बुधवार को फतेहपुर सीकरी की शाही मस्जिद में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फतेहपुर सीकरी के बुलंद दरवाजा परिसर में स्थित शाही मस्जिद में अचानक से एक बड़ा पत्थर गिर गया। पत्थर गिरने से मस्जिद में भगदड़ मच गई। हादसा भी उस समय हुआ जब शाही मस्जिद में नमाज चल रही थी। इस घटना से अफरा तफरी का माहौल मच गया।

बता दें की फतेहपुर सीकरी का बुलंद दरवाजा एक ऐतिहासिक धरोहर हैं। मुगल बादशाह अकबर ने गुजरात पर अपनी जीत का जश्न के रूप में इसका निर्माण करवाया था। मुगल वास्तुकला का शानदार नमूना बुलंद दरवाजा दुनिया का सबसे ऊंचा प्रवेश द्वार है।

बुधवार को फतेहपुर सीकरी की शाही मस्जिद में लोग नमाज़ अदा कर रहे थे। अचानक से तभी एक बड़ा पत्थर गिर गया। पत्थर गिरने की घटना से मौके पर भगदड़ मच गई और लोगों ने अपनी सुरक्षा की लिहाज से मस्जिद परिसर में इधर उधर भागने लगे। बताया जाता है कि इस घटना में शाही मस्जिद के इमाम गिरते पत्थर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

इस घटना की जानकारी लोगों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियो को दे दी। वहीं लोगों को भी सतर्क रहने की हिदायत देते हुए वहां से हटा दिया गया।