Agra News: हमपे बीती तब हमने ये जाना कि इंसान पंखे से क्यों लटक जाता है, व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाकर विवाहिता ने दी जान

Crime

आगरा: थाना सिकंदरा के अंतर्गत लवकुश विहार कॉलोनी में शनिवार रात को विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। महिला ने व्हाटसएप पर स्टेटस भी लगाया था, जिसमें लिखा, “हमपे बीती तब हमने ये जाना कि इंसान पंखे से क्यों लटक जाता है।” पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला कि गृह क्लेश में महिला ने आत्महत्या की है।

पुलिस के अनुसार, नौरंगाबाद, इटावा निवासी पूजा शर्मा (32) की शादी 11 नवंबर, 2016 को लवकुश विहार कालोनी निवासी दीपक शर्मा से हुई थी। उनका पांच साल का बच्चा भी है। वह बीमार है। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि दीपक दिल्ली में नौकरी करता है। हाल में घर आया हुआ है। शनिवार रात को परिवार के लोग खाना खाने के बाद घर के भूतल पर बैठे हुए थे। पूजा पहली मंजिल पर बने कमरे में चली गईं। रात में दीपक कमरे में गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इस पर दीपक ने पूजा के मोबाइल पर काल किया। काल रिसीव नहीं हुआ। इस पर खिड़की से देखा। पूजा पंखे से बने फंदे पर लटकी हुई थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी पर पूजा के मायका पक्ष के लोग आ गए। हालांकि रविवार शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।

सिकंदरा प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के व्हाटस एप स्टेटस को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पूछताछ में गृह क्लेश की बात सामने आई है। शादी को सात साल से अधिक हो चुके हैं। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।