आगरा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: हजारों महिलाओं ने भरी हुंकार, विपक्ष का पुतला फूंका और चप्पलों से कूटा

Politics

 

आगरा: भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा सोमवार को आरबीएस कॉलेज स्थित कृष्ण राव ऑडिटोरियम में भव्य महिला आक्रोश सम्मेलन का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में महिलाओं ने शिरकत की और महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।

विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा हुआ बेनकाब: एसपी सिंह बघेल

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी और आरजेडी जैसे दलों का असली चेहरा अब देश के सामने है। ये दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना जानते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की हर महिला को उसका हक देने के लिए संकल्पित हैं।

70 करोड़ महिलाएं नहीं करेंगी माफ: बेबी रानी मौर्य

मुख्य अतिथि और कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। विपक्ष ने इसका विरोध कर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश की 70 करोड़ महिलाएं आगामी चुनावों में इन दलों को कड़ा सबक सिखाएंगी।

जनाक्रोश पदयात्रा और पुतला दहन

सम्मेलन के बाद ऑडिटोरियम से एक विशाल ‘जनाक्रोश पदयात्रा’ निकाली गई। हाथों में तख्तियां लिए हजारों महिलाओं ने ‘विपक्ष मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। पदयात्रा के समापन पर आक्रोशित महिलाओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंका। इस दौरान महिलाओं ने सांकेतिक रूप से पुतलों को चप्पलों से पीटकर अपना विरोध दर्ज कराया।

मेयर और महानगर अध्यक्ष ने भरी हुंकार

कार्यक्रम संयोजक व महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि विपक्षी परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं नीति निर्माण का हिस्सा बनें। वहीं, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने आश्वस्त किया कि भाजपा 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के प्रति वचनबद्ध है।

​इस अवसर पर एम एल सी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, निर्मला दीक्षित, डॉ. रेणुका डंग, और मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।