फेसबुक वाला प्यार और खौफनाक अंजाम: प्रेमिका से मिलने आगरा पहुंचे बागपत के युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, अस्पताल में भर्ती

Crime

फतेहाबाद (आगरा): जनपद के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। अपनी प्रेमिका से मिलने बागपत से आगरा पहुंचे एक युवक को युवती के ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी दबंग युवक को पीटते रहे। गंभीर रूप से घायल युवक को लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।

​फेसबुक से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

घायल अजय कुमार, निवासी बदरका (बागपत), ने बताया कि करीब चार साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए एक युवती से हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इस बीच युवती की शादी फतेहाबाद क्षेत्र में हो गई, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही। आरोप है कि युवती ने ही अजय को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था, जिसके बाद वह अपने दोस्त सुखदेव के साथ कार से वहां पहुंचा था।

पेड़ से बांधकर बरपाया कहर

जैसे ही अजय अपनी प्रेमिका के ससुराल के पास पहुंचा, ससुराल पक्ष के लोगों को भनक लग गई। उन्होंने अजय को घेर लिया और पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया गया। अजय के साथ आए दोस्त सुखदेव ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बावजूद हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे वर्दीधारियों के सामने भी अजय को पीटते रहे।

शरीर पर चोटों के गहरे निशान

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद अजय को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। लाठी-डंडों की मार से अजय के शरीर पर जगह-जगह गहरे नीले निशान और जख्म हो गए हैं। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अजय का दोस्त सुखदेव इस हमले में बाल-बाल बच गया।

पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में फतेहाबाद थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह का कहना है कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।