Agra News: पति-पत्नी में हुआ झगड़ा, पत्नी ने लगा दी घर को आग, परेशान पति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

Crime

आगरा: सिकंदरा थाना क्षेत्र के अरसेना गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। पति की बातों से आक्रोशित पत्नी ने घर में आग लगा दी। इसके बाद पति घर से निकल गया। वह रेलवे लाइन किनारे पहुंचा और ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी।

अरसेना निवासी रूप सिंह का काफी दिनों से पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने सिकंदरा थाने में जेठ राजपाल, उसके लड़के योगेश और ससुर मोती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, इसके बाद वह बच्चों को लेकर मायके चली गई। एक दिन पहले वह ससुराल आई थी। शनिवार की शाम रूप सिंह का पत्नी से फिर विवाद हो गया।

घरवालों ने बताया कि झगड़े के बाद पत्नी ने घर में आग लगा दी। इसके बाद रात करीब आठ बजे रूप सिंह घर से निकला था। फिर उसका शव ट्रैक पर पड़ा मिला।

चौकी प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि युवक ने पत्नी से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी। पति की मौत के बाद पत्नी गांव से चली गई। अंतिम संस्कार तक में शामिल नहीं हुई।

Compiled: up18 News