गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी: “यूपी से माफिया और मच्छर खत्म, अब कट्टा नहीं ब्रह्मोस मिसाइल बन रही”

Regional

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को तबाही की ओर धकेला था। पूर्ववर्ती दौर में राज्य के भीतर अवैध कट्टा और बम बनाए जाते थे, जिनका इस्तेमाल लूटपाट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं में होता था। लेकिन आज के उत्तर प्रदेश में हथियार और बम नहीं बनते, बल्कि युवाओं के कौशल विकास और तकनीकी दक्षता पर कार्य हो रहा है। आज यूपी के अंदर विश्व की अत्याधुनिक राइफल ‘ग्लास्को 203’, बबलेस्कॉर्ट की रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश से माफिया और मच्छर दोनों का नामोनिशान मिटा दिया है।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने वर्ष 2004-05 के एक प्रसंग को याद दिलाया। उन्होंने बताया कि उस समय गीडा में नए उद्योग नहीं स्थापित होते थे। तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार ने गीडा की भूमि पर जबरन एक बूचड़खाना (स्लॉटर हाउस) खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। तब हमने इसके खिलाफ आवाज उठाई और साफ कहा कि गोरखपुर स्लॉटर हाउस को कभी स्वीकार नहीं करेगा। यदि विकास का बजट सैफई जा रहा है, तो इस बूचड़खाने को भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा। सीएम योगी ने कहा कि उस संघर्ष का परिणाम रहा कि अंततः हमारी जीत हुई। आज वह जमीन खाली है और वहां डेयरी समेत अनेक बड़े उद्योग फल-फूल रहे हैं।

​”सपा सरकार में संस्कृति विभाग का 85% बजट सैफई महोत्सव पर होता था खर्च”

सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे राज्य की प्रगति के नए अध्याय लिख रहे हैं। वर्ष 2017 से पहले यही सरकारी धन कहां व्यय होता था? केवल कब्रिस्तानों की चहारदीवारी के निर्माण और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जों में। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा अकेले ‘सैफई महोत्सव’ के आयोजन पर उड़ा दिया जाता था और बाकी पूरे प्रदेश के लिए कोई राशि नहीं बचती थी। जबकि आज राज्य की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं। आज काशी में काशी विश्वनाथ धाम का भव्य पुनरुद्धार हुआ है, वहीं अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्रीराम का अलौकिक मंदिर बनकर तैयार हुआ है और संपूर्ण विश्व को नई अयोध्या का दर्शन हो रहा है।

​”यूपी में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल से कांपता है पाकिस्तान”

मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज दुनिया की सबसे उन्नत राइफल ग्लास्को 203, बबलेस्कॉर्ट रिवॉल्वर और शक्तिशाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश की धरा पर हो रहा है। जब हमारी ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मनों के ठिकानों पर प्रहार करती है, तो पाकिस्तान भी थर-थर कांपता है और ‘बाप-बाप’ चिल्लाता है। यही नए और आत्मनिर्भर भारत की वास्तविक सामर्थ्य है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में कट्टा और बम बनाने वाले तत्व यहां बूचड़खाने खोलना चाहते थे। हमने एक तरफ स्लॉटर हाउस के निर्माण पर रोक लगाई, तो दूसरी ओर अवैध असलाह व बम बनाने वाले माफियाओं के काले कारोबार को ध्वस्त कर दिया। सरकार ने सुशासन और जन-सुरक्षा का दायित्व निभाया है। जब लोग सत्ता से बाहर हो चुके हैं, तो उन्हें अपने पुराने कारनामे याद आ रहे हैं।

​जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 150 लोगों की जनसमस्याएं

शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम के उपरांत रविवार की सुबह ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लगभग 150 लोगों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता से सुना और मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोहराया कि आम जनता की हर समस्या का समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।