संसद के विशेष सत्र से पहले सपा ने जारी किया 3-लाइन व्हीप, विधेयक के खिलाफ मतदान करने का निर्देश

National

नई दिल्ली: शीतकालीन सत्र से पूर्व केंद्र की मोदी सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र आहूत किया है। इस सत्र के दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पटल पर रखे जाने हैं। इसे लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना स्टैंड स्पष्ट कर दिया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हीप जारी कर उन्हें पूरे सत्र के दौरान सदन में उपस्थित रहने और विधेयक के विरुद्ध मतदान करने का निर्देश दिया है।

लोकसभा में समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने तीन पंक्ति का व्हीप जारी करते हुए कहा— “सोमवार दिनांक 30 नवम्बर 2026 से संसद का विशेष सत्र शुरू हो रहा है जो बृहस्पतिवार 3 दिसम्बर 2026 तक प्रस्तावित है। सत्र में सरकार संविधान (एक सौ बत्तीसवा संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 एवं संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 ला रही है। अतः लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सभी सदस्यों को सूचित किया जाता है कि सत्र के दौरान पूरा समय सदन में रहें और मतदान पर विधेयक के विरोध में मतदान करें।”

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं। ऐसे राजनीतिक समीकरणों के बीच विशेष सत्र में केंद्र सरकार के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटा पाना आसान नहीं माना जा रहा है।