आगरा। सर्व सहाय सेवा समिति द्वारा 6 दिसंबर को 10 कन्याओं का सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों के क्रम में रविवार को कमला नगर स्थित भोले बाबा पार्क में आमंत्रण पत्र के विमोचन के साथ संस्था की वार्षिक पत्रिका का भी विमोचन किया गया।
संस्था के अध्यक्ष एड दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि समिति पिछले 13 वर्षों से सर्वजातीय बेटियों के विवाह कराती आ रही है। इसी सेवा संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 10 कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था की वार्षिक पत्रिका का संपादन विनीत अग्रवाल और अभय प्रताप सिंह ने किया है। पत्रिका की विशेषता है कि इसमें सनातन धर्म से जुड़ी विभिन्न पूजा-पद्धतियों एवं धार्मिक अनुष्ठानों की छोटी से लेकर बड़ी जानकारियों को समाहित किया गया है, जिससे पाठकों को धार्मिक परंपराओं और विधि-विधानों की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
संस्था के महामंत्री आशीष अग्रवाल ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह से पूर्व 2 दिसंबर को कमला नगर के तेज नगर स्थित टीसी चंद्रा स्कूल में मेहंदी एवं संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में बेटियों के हाथों में मेहंदी रचाई जाएगी। साथ ही संस्था की महिला सदस्य भी मेहंदी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेंगी।
कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग ने बताया कि 6 दिसंबर को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में सुबह 10:30 बजे से सामूहिक विवाह की रस्में प्रारंभ होंगी। समारोह में शहर के विभिन्न धर्मगुरु और समाजसेवी नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करने के लिए उपस्थित रहेंगे। विवाह के उपरांत सभी नवविवाहित जोड़ों को नई गृहस्थी शुरू करने के लिए संस्था की ओर से आवश्यक उपहार भेंट किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता, विनीत अग्रवाल, संयोजक दुर्गेश गर्ग, आशीष बंसल, आदर्श मैनी, अंकित गर्ग, श्याम मोहन गुप्ता, श्याम कुमार सिंघल आदि उपस्थित रहे।


