दलित वोट बैंक साधने को सपा ने आगरा में आजाद सिंह पर खेला दांव, सौंपी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

Politics

आगरा: 2024 लोकसभा चुनाव से पहले ही सपा ने बसपा के दलित वोट बैंक में सेंधमारी करना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने आगरा में आजाद सिंह पर दांव खेला है और उन्हें सपा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सपा की ओर से पार्टी जिला अध्यक्ष की पहली सूची जारी कर दी है जिसमें आजाद सिंह जाटव का नाम भी शामिल है। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति के बाद देर शाम को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने 25 नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी की है। सपा ने आगरा में जिले की कमान आजाद सिंह को सौंपी है। इससे पहले आगरा में सपा के जिलाध्यक्ष लालसिंह लोधी थे।

आपकों बताते चले कि हाल ही में कोलकत्ता में सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सम्पन हुई थी। बैठक में ही लोकसभा चुनाव को जीतने की रणनीति तैयार की गई और तय किया गया कि इस बार दलित समाज को भी पार्टी से जोड़कर लोकसभा चुनाव के सिंहासन पर पहुँचा जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामजीलाल सुमन के साथ साथ एक और दलित नेता को इसके लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तय एजेंडा अब धरातल पर उतरते हुए नजर आ रहे है। जिसका उदाहरण आजाद सिंह को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना है। आपको बताते चले कि आजाद सिंह बसपा पार्टी में कई अहम पद पर रह चुके हैं और पार्टी को मजबूत करने का काम किया। अब सपा पार्टी उनके इस अनुभव को अपने लिए आजमाना चाहती है। नवनिर्वाचित सपा जिला अध्यक्ष आजाद सिंह के कंधों पर इस समय बहुत बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि आगरा दलित नगरी है और सपा के यहाँ से न तो विधायक हैं और न ही सांसद।