आगरा: खेरिया मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने लोडिंग टेंपो को मारी टक्कर, डेढ़ दर्जन यात्री घायल

Crime

आगरा: शाहगंज थाना क्षेत्र की सराय ख्वाजा पुलिस चौकी के खेरिया मोड़ चौराहे के पास शनिवार तड़के तीन बजे भीषण हादसा हो गया। तेज गति से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे छोटा लोडिंग टेंपो को टक्कर मार दी। लोडिंग टेंपो पलट गया। उसमें सवार लगभग डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मामला शनिवार तड़के सुबह लगभग 3:00 बजे का बताया जा रहा है। गांव के कुछ किसान भिंडी को बसई सब्जी मंडी में बेचने के लिए ले जा रहे थे। तभी खेरिया मोड़ चौराहे से कुछ दूर पहले पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने लोडिंग टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छोटा लोडिंग टेंपो सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया और उल्टा हो गया। लोडिंग टेंपो में लगभग 18 लोग मौजूद थे। सभी बुरी तरह से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

घायल व्यक्ति ने बताया कि पीछे से ट्रक द्वारा टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस भी काफी देर बाद आई। लोगों की मदद से ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।