बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक युवक ने अपने ही ससुराल में खूनी खेल खेलते हुए पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल अपनी जीवनसंगिनी और सास का गला रेता, बल्कि बीच-बचाव करने आए ससुर और अपने महज तीन साल के मासूम बेटे पर भी जानलेवा हमला किया। इस हमले में ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह सनसनीखेज घटना नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, अंतू गुप्ता की 22 वर्षीय बेटी प्रीति ने करीब चार साल पहले गड़वार निवासी अमित गुप्ता से प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। विवाद के चलते प्रीति पिछले कुछ महीनों से अपने बेटे के साथ मायके में ही रह रही थी। रविवार को आरोपी अमित गुप्ता अचानक अपने ससुराल पहुँचा और बेटे को जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा।
विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से प्रीति पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब सास सुशीला देवी और ससुर अंतू गुप्ता बचाने दौड़े, तो सिरफिरे दामाद ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस भीषण हमले में सुशीला देवी और प्रीति की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि अंतू गुप्ता लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुँची और घायल ससुर को उपचार के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

