आगरा: ताजनगरी में आज ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के प्रति उत्साह और कृतज्ञता का एक अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में आरक्षण देने के ऐतिहासिक निर्णय के सम्मान में, आगरा महानगर भाजपा और महापौर हेमलता दिवाकर के नेतृत्व में एक विशाल स्कूटी व बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में लगभग 5000 महिलाओं और 2000 से अधिक दोपहिया वाहनों ने हिस्सा लेकर शहर को ‘वंदे मातरम’ और ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ के नारों से गुंजायमान कर दिया।

नगर निगम में बनी भव्य मानव श्रृंखला
रैली का शुभारंभ आगरा नगर निगम परिसर से हुआ। प्रस्थान से पूर्व हजारों महिलाओं ने नगर निगम पार्क में एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर एकता का प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन किया। इस दौरान एक विशाल हस्ताक्षर बोर्ड पर हजारों की संख्या में मातृशक्ति ने अपने हस्ताक्षर कर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
ऐतिहासिक रूट पर महिलाओं का जोश
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, महापौर हेमलता दिवाकर और महानगर संयोजिका डॉ. निधि शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। नगर निगम से शुरू होकर यह रैली सुरसदन, संजय प्लेस और सेंट पैट्रिक्स होते हुए एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरिपर्वत पर समाप्त हुई। रैली में सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक, खेलकूद और शिक्षक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में हॉस्टल की छात्राओं ने भी भागीदारी की।
नारी बढ़ेगी, तो राष्ट्र नई ऊंचाइयां छुएगा: महापौर
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा, “आज की यह रैली केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की ताकत, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। जब नारी आगे बढ़ती है, तो समाज और राष्ट्र दोनों नई ऊंचाइयां छूते हैं। मोदी जी ने हमें जो अधिकार दिया है, यह रैली उसके प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने इस निर्णय को युगांतकारी बताते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, उपमा गुप्ता, प्रवीणा राजावत, मीनाक्षी वर्मा, हेमा चौहान, फूल प्यारी, दीपा गुलाटी, अलका अग्रवाल, रंजना पवार, गुंजन पंडित, शमा जैन, कुमकुम उपाध्याय, पूजा बंसल, महेश शर्मा, मनीष गौतम और मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल सहित अनेक पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

