आगरा सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का ‘शक्ति संवाद’: कार्यकर्ताओं को दिया आगामी चुनावों में जुटने का टास्क, बोले— तैयारियों में अभी से लग जाएं

स्थानीय समाचार

​आगरा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को आगरा प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस परिचय बैठक में डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और आगामी संगठनात्मक अभियानों व चुनावों के लिए ‘जीत का मंत्र’ दिया।

​कार्यकर्ताओं का परिचय और उत्साहवर्धन

सर्किट हाउस पहुँचने पर महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद केशव प्रसाद मौर्य ने एक-एक कर सभी कार्यकर्ताओं का परिचय लिया और उनके कार्यों की समीक्षा की। महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल ने डिप्टी सीएम को पार्टी के प्रचार-प्रसार और आगामी अभियानों की रूपरेखा से अवगत कराया

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं के पसीने में है। उन्होंने आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए कार्यकर्ता आज से ही मिशन मोड में जुट जाएं।

​आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का निर्देश

डिप्टी सीएम ने आगामी चुनावों और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जन-जागरण अभियानों पर चर्चा करते हुए कहा कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब तथ्यों और विकास कार्यों के साथ देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आपकी मेहनत ही आने वाले समय में एक बार फिर उत्तर प्रदेश और देश में भाजपा के परचम को और मजबूती से लहराएगी।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

​इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में मुख्य रूप से भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महानगर महामंत्री महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, उपाध्यक्ष दीपू जादोन, राजू परमार, मनमोहन कुशवाह, डॉक्टर निधि शर्मा, अनीता खरे, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, रोहित कत्याल, और करुणा निधि गर्ग सहित कई प्रमुख पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।