आगरा में केशव मौर्य का ‘मिशन 2027’: कार्यकर्ता के घर पहुंचे डिप्टी सीएम, बोले— “भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि, फिर खिलेगा कमल”

स्थानीय समाचार

​आगरा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को ताजनगरी के प्रवास के दौरान संगठन की मजबूती और ‘कार्यकर्ता प्रथम’ की नीति का बड़ा संदेश दिया। शास्त्रीपुरम स्थित भाजपा नेता अर्पित चित्रांश के आवास पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जीत का शंखनाद भी कर दिया।

साधारण कार्यकर्ता भी बन सकता है पीएम-सीएम: केशव मौर्य

कार्यकर्ताओं के बीच जमीन पर बैठकर संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी अन्य दलों से भिन्न है क्योंकि यहाँ वंशवाद नहीं, बल्कि परिश्रम का सम्मान होता है। भाजपा ही वह मंच है जहाँ एक साधारण सा कार्यकर्ता अपनी निष्ठा और मेहनत के दम पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पदों तक का सफर तय कर सकता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पूंजी और ताकत हैं।

​2027 में फिर बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार

विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता विपक्षी भ्रम जाल को नकार चुकी है। उन्होंने कहा, “2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी के सुशासन पर मुहर लगाने के लिए तैयार है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का ‘जीत का मंत्र’ भी दिया।

नेता के आवास पर उमड़ा दिग्गजों का जमावड़ा

भाजपा नेता अर्पित चित्रांश ने डिप्टी सीएम के आगमन को अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि यह दौरा दर्शाता है कि भाजपा नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं के साथ पारिवारिक संबंध रखता है। इस अवसर पर आगरा के राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

​कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति:

इस अवसर पर कई वरिष्ठ भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, इसके अलावा विजय भटनागर, वीरेंद्र अग्रवाल, अनुराग उपाध्याय, सुरेंद्र चौधरी, मदन वर्मा, राजीव शर्मा, रवि त्रिलोकानी, नितिन जौहरी, रमेश श्रीवास्तव, अर्जित, अर्जुन उदैनिया, हर्ष चौधरी और राजा खटीक सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।