आगरा; उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के लोहामंडी अंतर्गत आने वाले वार्ड 79, मोती कुंज इलाके में इन दिनों स्थानीय निवासी और राहगीर गंभीर समस्याओं का सामना करने को मजबूर हैं। क्षेत्र में ईसाई कब्रिस्तान के ठीक बगल से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले लगभग एक महीने से सीवर लाइन में लीकेज और गंदगी का भयंकर अंबार लगा हुआ है। सीवर का गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर लगातार फैल रहा है, जिसके कारण आम जनमानस का इस रास्ते से पैदल या वाहन से निकलना पूरी तरह दूभर हो गया है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यह मुख्य रास्ता कोई आम गली नहीं, बल्कि उषा देवी हॉस्पिटल, मोती कुंज पुलिस चौकी और मोती कुंज आरएसएस कार्यालय जैसे बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त संस्थानों की ओर जाता है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों, पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और आम नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है, इसके बावजूद पिछले लंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या की तरफ न तो संबंधित विभाग के किसी भी कर्मचारी या अधिकारी का कोई ध्यान है और न ही क्षेत्र के किसी जनप्रतिनिधि ने इस विकट समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम उठाया है।
संक्रमण का मंडरा रहा है खतरा
सड़क पर हर वक्त सीवर का गंदा पानी जमा रहने और गंदगी का अंबार होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी सड़ने के कारण उठने वाली भीषण दुर्गंध ने आसपास के लोगों का रहना मुहाल कर दिया है, जिससे क्षेत्र में किसी गंभीर संक्रामक बीमारी के फैलने का खतरा भी लगातार मंडरा रहा है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों के चक्कर काटे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन, संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पुरजोर मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सीवर लाइन की लीकेज को ठीक कराया जाए, सड़क पर फैले गंदे पानी और गंदगी की मुकम्मल सफाई कराई जाए, ताकि इस समस्या का एक स्थायी समाधान निकल सके और जनता को राहत मिल सके।
– ब्यूरो रिपोर्ट
